रामगढ़: टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल भुइयांडीह (घाटो) में गुरुवार को उत्साह, उमंग और सेवा भावना का अनूठा संगम देखने को मिला। दीपावली के अवसर पर विद्यालय परिसर दीपों और रंग-बिरंगी रोशनियों से जगमगा उठा। वहीं बच्चों, अभिभावकों और स्कूल परिवार द्वारा संचालित डोनेशन ड्राइव के माध्यम से जरूरतमंद और असहायों के बीच भोजन और वस्त्र का वितरण किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि टाटा स्टील के जीएम मुकेश रंजन की धर्मपत्नी प्रियदर्शनी रंजन सहित अन्य शामिल रहे। 

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके बाद नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विशेष नृत्य प्रस्तुत किया, वहीं कक्षा सातवीं के छात्रों ने लक्ष्मी पूजा के महत्व पर लघु नाटिका, भाषण और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विशेष आकर्षण विद्यालय की ओर से आयोजित ‘एक दीप सेवा के नाम’ अभियान रहा। इसके अंतर्गत बच्चों, अभिभावकों और विद्यालय परिवार के सामूहिक सहयोग से संचालित डोनेशन ड्राइव के माध्यम से जरूरतमंद और असहाय लोगों के बीच भोजन व वस्त्र वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य दीपावली की खुशियों को समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक पहुंचाना और उनके चेहरों पर मुस्कान लाना रहा।

अवसर पर चारों सदनों स्वामी दयानंद, महात्मा हंसराज, स्वामी श्रद्धानंद और स्वामी विवेकानंद के विद्यार्थियों के बीच आकर्षक रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा, कल्पनाशीलता और रचनात्मक कौशल का सुंदर प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में महात्मा हंसराज सदन ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता का गौरव हासिल किया। उल्लेखनीय है कि दीपावली की पूर्व संध्या पर बच्चों द्वारा प्रस्तुत राम स्तुति और हनुमान चालीसा के सामूहिक गायन ने विद्यालय परिसर को भक्तिमय बना दिया था।

मुख्य अतिथि प्रियदर्शनी रंजन ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी सार्थक होती है, जब हम अपनी खुशियों में दूसरों को भी सहभागी बनाएं।

अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या डॉ. सोनिया तिवारी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दीपावली का वास्तविक अर्थ केवल दीप जलाना नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियों का प्रकाश फैलाना है। 

कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाएं मंच संचालन 11वीं की छात्रा प्राची वैष्णवी और छात्र अभिरूप कुमार ने किया। आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा।