हजारीबाग: झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद रांची के निर्देश पर मध्य विद्यालय फूसरी के परिसर में बुधवार को सामाजिक अंकेक्षण के तहत अंकेक्षण कार्य संपन्न हुआ। अंकेक्षण कार्य 3 नवंबर से 4 नवंबर तक चला, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 का लेखा-जोखा देखा गया। इसके बाद बुधवार को ग्राम सभा का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता चूरचू प्रखंड मुखिया संघ अध्यक्ष सह बहेरा पंचायत मुखिया देवकी महतो ने की। इस दौरान अंकेक्षण में सामने आए मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
मुखिया देवकी महतो ने कहा कि अंकेक्षण के दौरान विद्यालय में जो कमियां सामने आई हैं, उन्हें जल्द से जल्द पूरा कराने का काम किया जाएगा। इसके लिए विभाग से बात कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी, ताकि बच्चों को बेहतर शिक्षा और मध्याह्न भोजन की सुविधा मिल सके।
मौके पर वार्ड सदस्य बिरजू राम, शिवप्रसाद, अनुराधा देवी, ममता कुमारी, साक्षी कुमारी, सुनीता टुडू, शांति कुमारी, कुसुम देवी, दुखनी कमीन सहित कई लोग मौजूद थे।

