हजारीबाग: राहुल दुबे गिरोह के विरुद्ध हजारीबाग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक अपराधी को गढ़वा से गिरफ्तार किया है। निशानदेही पर हथियार बरामदगी के क्रम में उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में गिरफ्तार अपराधी घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग ले जाया गया है।

पुलिस के अनुसार बीते 26 अक्टूबर की रात करीब 12.30 बजे उरीमारी सैनिक माइनिंग कंपनी में रंगदारी का पैसा नहीं देने पर राहुल दुबे गिरोह के सदस्यों ने कंपनी के गेट पर तैनात निजी सुरक्षाकर्मी पर जान मारने की नीयत से गोली चलाई थी और गिरोह का पर्चा फेंका था। इसमें सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया था, जो रांची के अस्पताल में इलाजरत है। इस घटना को लेकर बड़कागांव (उरीमारी) थाना कांड दर्ज किया गया था।

कांड के उद्भेदन और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव अमित आनंद के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया। अनुसंधान के क्रम में राहुल दुबे गैंग के सदस्य अंशु दुबे उम्र 22 वर्ष, पिता राकेश कुमार द्विवेदी, साकिन दुबे मराठीया, थाना गढ़वा, जिला गढ़वा की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसे पूछताछ के लिए उरीमारी ओपी लाया गया।

पुलिस की पूछताछ में अंशु दुबे ने बताया कि वह राहुल दुबे गैंग का सक्रिय सदस्य है और राहुल दुबे के कहने पर अलग-अलग जगहों पर घटना को अंजाम दिया है। उसने उरीमारी क्षेत्र में बीते 26 अक्टूबर की रात गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर गोलीबारी की घटना में शामिल होने की बात बताई और घटना में प्रयुक्त हथियार और बचा हुआ पर्चा करमाटिला जंगल में छुपाकर रखे जाने की जानकारी दी। 

गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर हथियार बरामदगी के लिए करमाटिला जंगल में अंशु दुबे के साथ छापामारी टीम गई। हथियार बरामदगी की कार्रवाई के दौरान अंशु दुबे ने पुलिस बल के जवानों को अचानक धक्का देते हुए छुपाकर रखे गए हथियार से पुलिस बल की ओर लक्षित करते हुए फायर किया। जवाबी कार्रवाई में गया अंशु दुबे के बाएं पैर में गोली लगी है। उसने उपचार के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग में भर्ती कराया गया है। 

ये सामान बरामद

पुलिस ने मौके से 7.62 एमएम का एक पिस्टल, 7.62 एमएम की दो जिंदा गोली, 7.62 एमएम का एक खोखा, राहुल दुबे के दो पर्चे और एक मोबाइल बरामद किया है।

SIT में ये रहे शामिल 

छापेमारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव अमित आनंद, पुलिस निरीक्षक बड़कागांव शाहिद रजा, थाना प्रभारी गिद्दी इक़बाल हुसैन, प्रभारी उरीमारी ओपी रघु उरांव, थाना प्रभारी केरेडारी वेदप्रकाश पांडेय, थाना प्रभारी कोर्रा नेमधारी रजक, सहायक अवर निरीक्षक संजय यादव, नक्सल एवं तकनीकी शाखा के पदाधिकारी, हजारीबाग और उरीमारी ओपी के जवान शामिल थे।