कांके: सुकुरहुटू स्थित कैला महतो चौक पर गुरुवार को स्वर्गीय कैला महतो की 20वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। झारखंड युवा विकास मंच के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में उनके सामाजिक योगदान को याद किया गया। इस दौरान गरीब और असहाय वृद्धजनों के बीच कंबल भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम का नेतृत्व मंच के केंद्रीय अध्यक्ष एवं स्वर्गीय कैला महतो के पौत्र राजेंद्र महतो ने किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण को पुण्यतिथि पर सेवा कार्य के रूप में आयोजित किया गया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रांची के पूर्व सांसद रामटहल चौधरी शामिल हुए। वहीं, लोकहित अधिकार पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं रांची लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी हरिनाथ साहू अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मंच के केंद्रीय महासचिव राजकुमार महतो ने किया।

इस मौके पर कुर्मी विकास परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष रणधीर कुमार चौधरी, लता देवी, जिला परिषद सदस्य सुषमा देवी, सुकुरहुटू उत्तरी पंचायत के मुखिया रामलखन मुंडा, गागी पंचायत के पूर्व मुखिया राजेश मुंडा, हेसलपीरी के उपमुखिया सोनालाल महतो, समाजसेवी वनिता मेहता, कंचन रानी, रेखा देवी, सरिता महतो और तुलसी महतो मौजूद रहे।

इसके अलावा भाजपा कांके मंडल अध्यक्ष प्रभात भूषण, पुरुषोत्तम दास गोस्वामी, रामदयाल महतो, नरेश साहू, संजय महतो, नंदलाल महतो, रणधीर महतो, विनोद महतो, विजय महतो, मंच के कार्यकारी अध्यक्ष रूपलाल महतो सहित कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में शामिल हुए।

समारोह के अंत में स्वर्गीय कैला महतो के परिजनों ने अतिथियों को अंगवस्त्र और माला पहनाकर सम्मानित किया। उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व और सामाजिक योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।