एंजेल्स हाई स्कूल, डीपीएस शंकरपुर और लिटिल एंजेल्स का संयुक्त आयोजन
हजारीबाग: एंजल्स हाई स्कूल, दिल्ली पब्लिक स्कूल शंकरपुर और लिटिल एंजल्स स्कूल इमलीकोठी के तत्वावधान में गुरुवार को संयुक्त रूप ‘पैरेंट्स नाइट-2026 का आयोजन किया गया। डीपीएस स्कूल मैदान में आयोजित भव्य कार्यक्रम में तीनों स्कूलों के बच्चों ने एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 05:00 बजे बतौर मुख्य अतिथि हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, डीएवी के पूर्व प्राचार्य अशोक कुमार और एंजल्स हाई स्कूल की निदेशिका निशा जायसवाल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया। इसके उपरांत गणेश वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। 
अवसर पर तीनों विद्यालयों के कुल 1148 विद्यार्थियों ने 14 विविध प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, अनुशासन और रचनात्मकता का परिचय दिया। ‘लिटिल ग्रोवर्स’ में नर्सरी से दूसरी कक्षा तक के नन्हे बच्चों ने मनमोहक नृत्य से दिल जीत लिया। ‘ग्रेस ऑफ इंडिया- क्लासिकल’ में कथक की भाव-भंगिमाओं से शास्त्रीय नृत्य परंपरा को दर्शाया गया। ‘फ्रॉम साइलेंस टू स्ट्रेंथ- नारी सम्मान’ में महिलाओं के संघर्ष और सशक्तीकरण की गाथा प्रस्तुत की गई। ‘बैक टू द 80ज- रेट्रो फीवर’ ने पुरानी यादें ताजा कर दीं, वहीं ‘कृष्णा- द डिवाइन मेलोडी’ में कृष्णलीला और गीता के संदेश को नाट्य रूपांतरण में प्रस्तुत किया गया।

‘सुर-संगम’ में विद्यार्थियों ने वाद्ययंत्रों के साथ सजीव संगीत प्रस्तुत किया। ‘शौर्य संभाजी’ में शिवाजी महाराज और औरंगजेब के संघर्ष को मंच पर जीवंत किया गया। ‘दिव्य शक्ति’ में मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों और ‘वंदे मातरम्- देश की शान’ में राष्ट्रगीत की ऐतिहासिक यात्रा को दर्शाया गया। ‘डांस विद डिफरेंस- अक्रॉस बॉर्डर्स’ में सालसा और स्ट्रीट जैज जैसी विदेशी नृत्य शैलियों का प्रदर्शन हुआ, वहीं ‘अनहर्ड वॉयस’ ने मानसिक व बौद्धिक चुनौतियों का सामना कर रहे लोगों की अनकही पीड़ा और मानवीय सम्मान का संदेश दिया। ‘देसी बीट्स- बॉलीवुड ब्लास्ट’ में तीनों विद्यालयों के विद्यार्थियों की सामूहिक ऊर्जावान प्रस्तुति ने समां बांध दिया।

आयोजन को सफल बनाने में निदेशिका निशा जायसवाल, एंजल्स हाई स्कूल की प्राचार्या शिखा अग्रवाल, लिटिल एंजल्स की प्राचार्या एकता होर्रा और डीपीएस शंकरपुर के प्राचार्य राजकमल सहित सभी शिक्षकों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

