लोहरदगा/रांची: लापुर में शुक्रवार को जुमा की नमाज के साथ शुरू हुआ तीन दिवसीय इज्तेमा रविवार सुबह 11 बजे सामूहिक दुआ के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान 250 जोड़ों का इस्लामिक रीति-रिवाज और सुन्नत के मुताबिक निकाह कराया गया। आयोजन की तैयारियों में रांची जोन के युवाओं ने तीन महीने तक लगातार मेहनत की। बड़े-बड़े आलिम-उलमाओं की रहनुमाई और स्थानीय लोगों के सहयोग से इतने बड़े आयोजन की व्यवस्था की गई।

इज्तेमा में शामिल होने पहुंचे लोगों की सुविधा के लिए मैदान तक आने वाले रास्तों पर जगह-जगह सेवा स्टॉल लगाए गए थे। इन स्टॉलों पर पीने का पानी, चाय-नाश्ता, भोजन, दवाइयां और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई थी। रास्ता बताने, बुजुर्गों की मदद करने और जरूरतमंदों तक सुविधाएं पहुंचाने के लिए वॉलिंटियर तैनात रहे। रांची जोन के युवाओं ने तीनों दिन लगातार सेवा कार्य किया।

आयोजन की तैयारियां तीन महीने पहले शुरू हुई थीं। इस दौरान मैदान को समतल करने, टेंट लगाने, बिजली और पानी की व्यवस्था करने सहित कई जरूरी काम किए गए। कई युवाओं ने मजदूरी छोड़कर अपना समय दिया, दुकानदारों ने दुकानें बंद रखीं और छात्रों ने भी पढ़ाई से समय निकालकर तैयारियों में योगदान दिया।

इस पूरी व्यवस्था में बड़े-बड़े आलिम-उलमाओं का मार्गदर्शन और सहयोग मिलता रहा। उनकी दुआओं और रहनुमाई से आयोजन से जुड़े लोगों का हौसला बढ़ा। वहीं, बुजुर्गों, माताओं-बहनों, किसानों और दुकानदारों ने भी अपनी क्षमता के अनुसार सहयोग किया। किसी ने जमीन उपलब्ध कराई तो किसी ने जरूरी सामान देकर आयोजन की तैयारियों में मदद की।

इज्तेमा के तीनों दिनों में आलिम-उलमाओं ने धार्मिक तकरीर के माध्यम से नमाज की पाबंदी, माता-पिता की सेवा, आपसी भाईचारे, अमन-चैन और इंसानियत का संदेश दिया। बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक इबादत और धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
रविवार सुबह 11 बजे सामूहिक दुआ के दौरान लोगों ने अपने परिवार, समाज, गांव और देश में अमन-शांति के लिए दुआ मांगी। बीमारों की सेहत, बेरोजगारों को रोजगार और आपसी भाईचारे की मजबूती की भी दुआ की गई। दुआ के बाद लोगों ने एक-दूसरे से मुलाकात की और अपने घरों के लिए रवाना हुए।
आयोजन से जुड़े लोगों ने इज्तेमा की सफलता में योगदान देने वाले सभी आलिम-उलमाओं, रांची जोन के नौजवानों, बुजुर्गों, माताओं-बहनों और वॉलिंटियरों के प्रति आभार जताया। आयोजकों ने अल्लाह से इस आयोजन और इसमें योगदान देने वाले सभी लोगों की कोशिशों को कबूल करने तथा भविष्य में भी ऐसे आयोजन की कामयाबी के लिए दुआ की।

