खूंटी/रांची: धरती आबा बिरसा मुंडा की जन्मभूमि उलिहातू में रविवार को बिरसा महोत्सव 2026 का आयोजन किया गया। जिसमें सूबे के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार शामिल हुए। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती, जनजातीय गौरव दिवस और राज्य के 26वें स्थापना दिवस पर राज्यपाल ने सबसे पहले बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा पर फूल चढ़ाए। इसके बाद उन्होंने धरती आबा के परिवार के लोगों से बातचीत की, उनका हाल जाना और उनके साथ कुछ देर बैठे भी।

बिरसा महोत्सव-2026 में राज्यपाल ने कहा कि बिरसा मुंडा को सिर्फ माला पहनाकर याद कर लेना ही सम्मान नहीं है। असली सम्मान तब होगा, जब उनके बताए रास्ते पर चलकर काम किया जाए।उन्होंने कहा कि बिरसा का पूरा जीवन साहस, स्वाभिमान और अपने हक के लिए लड़ने की मिसाल है। उन्होंने अंग्रेजी शासन के खिलाफ उलगुलान का बिगुल फूंका था और जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए अपनी जान तक दे दी।

राज्यपाल ने कहा कि  प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने अलग राज्य का फैसला लिया था। अब उस सपने को पूरा करने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और सड़क-बिजली जैसी बुनियादी चीजों को और मजबूत करना होगा। विकास का फायदा गांव के आखिरी व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने सिद्धू-कान्हू, नीलांबर-पीतांबर, फूलो-झानो, चांद-भैरव और वीर बुधु भगत जैसे वीरों को भी याद किया और कहा कि इन सबके आदर्शों को जीवन में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किए जाने को उन्होंने ऐतिहासिक कदम बताया। इससे जनजातीय इतिहास को देशभर में नई पहचान मिली है। कहा कि सबके साझा प्रयास से ही विकसित झारखंड और विकसित भारत-2047 का लक्ष्य पूरा होगा। साथ ही उन्होंने छठ के संध्या अर्घ्य पर सभी व्रतियों को शुभकामनाएं भी दीं।