रामगढ़: पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत की अध्यक्षता में बुधवार को कार्यालय सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातु और रामगढ़, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, सभी अंचल निरीक्षक, थाना-ओपी प्रभारी और शाखा प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक में एसपी ने शीर्षवार लंबित कांडों के उद्भेदन, अभियुक्तों की गिरफ्तारी और कांड निष्पादन को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। अक्टूबर माह में प्रतिवेदित विशेष और अविशेष तथा निष्पादित कांडों की समीक्षा करते हुए नवंबर माह में प्रतिवेदित से अधिक कांडों का निष्पादन करने का निर्देश दिया गया।

इस दौरान सभी थाना प्रभारियों को बलात्कार और पोक्सो एक्ट से संबंधित कांडों को 60 दिन के अंदर निष्पादित करने को कहा गया। साथ ही पासपोर्ट का सत्यापन पांच दिन के अंदर पूरा कर पोर्टल में अपलोड करने, डायल 112 के तहत प्राप्त शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित पदाधिकारी को नौ मिनट के अंदर रेस्पॉन्ड करने, पॉकेट पेंडिंग कांडों में आरोप पत्र समर्पित करने तथा आरोप पत्र की एक प्रति हिंदी शाखा में समर्पित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में संगठित आपराधिक गिरोह की विवरणी तैयार करने तथा जेल से बाहर आए अभियुक्तों का सत्यापन करते हुए उनकी वर्तमान गतिविधि की समीक्षा कर आवश्यकतानुसार निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं गैर तामिला वारंट, स्थाई वारंट एवं फरारियों की अद्यतन सूची तैयार कर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करने, वारंट, इश्तेहार और कुर्की के निष्पादन की समीक्षा करने तथा 175(3) बीएनएस के तहत प्राप्त लंबित न्यायालय परिवादों की समीक्षा कर कांड दर्ज करने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा चेन, मोबाइल और पर्स छिनतई से संबंधित दर्ज कांडों तथा उद्भेदन की स्थिति, संपत्तिमूलक कांड एवं कांड में हुए उद्भेदन की स्थिति, दागियों के सत्यापन, मालखाना के प्रभार एवं निष्पादन की स्थिति, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति से संबंधित दर्ज कांडों तथा आईटी एक्ट से संबंधित कांडों की भी समीक्षा की गई। 

वहीं सड़क सुरक्षा के तहत वाहन चेकिंग करने, आईटीएसएसओ में लंबित कांडों की समीक्षा करने, जेल से छूटे अपराधकर्मियों का सत्यापन करने, यूडी कांडों की समीक्षा कर निष्पादित करने तथा अवैध खनन की रोकथाम एवं अवैध शराब के विरुद्ध छापेमारी करने का भी निर्देश दिया गया।