बरकाकाना (रामगढ़): अकवान चक्रवात से मौसम में आए बदलाव के कारण शनिवार को बरकाकाना सहित आसपास जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। पूरे दिन रिमझिम बारिश होती रही और आसमान में बादल छाए रहे। क्षेत्र में कुहासे का आलम यह रहा कि दोपहर के वक्त भी अधिकांश वाहनों के हेड लाइट ऑन रहे और रफ्तार भी धीमी रही। सड़क पर वाहनों का आवागमन अन्य दिनों की अपेक्षा काफी कम रहा।

वहीं मुख्य चौक चौराहों और बाजार में चहल-पहल भी काफी कम रही। मौसम के बदले मिजाज से क्षेत्र में व्यवसाय, ट्रांसपोर्टिंग, भवन निर्माण कार्य के साथ-साथ आम लोगों के दैनिक कार्य भी प्रभावित हुए। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में भी अधिकतर लोग घर में दुबके रहे और रास्तों पर सन्नाटा पसरा रहा।
बहराल, रविवार को दोपहर में मौसम साफ होने और धूप निकलने का अनुमान लगाया जा रहा है। जबकि सुबह और शाम के समय हल्की बारिश के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना है।

