रामगढ़: पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने शनिवार को क्राइम प्रिवेंशन एंड डिटेक्शन विंग के नोडल पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जिले के 12 शीर्ष अपराधों में आरोप-पत्रित अपराधकर्मियों की पूरी सूची पर विस्तृत चर्चा की गई। इसमें चोरी, लूट, डकैती, हत्या, हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस, रंगदारी, मारपीट, जमीन विवाद से जुड़े अपराध सहित अन्य गंभीर मामलों के आरोपित शामिल हैं।
बैठक में पुलिस ने ऐसे 122 आदतन अपराधकर्मियों को चिन्हित किया है, जो बार-बार अपराध कर रहे हैं और जमानत पर बाहर आकर फिर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इन सभी के खिलाफ अब एक साथ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया है।
इस दौरान एसपी ने नोडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी 122 अपराधियों के खिलाफ नियमानुसार सीसीए प्रस्ताव, निरुद्धादेश, जिला बदर और थाना हाजिरी, निगरानी प्रस्ताव, गुंडा पंजी और बीएनएसएस की धारा 129 के तहत विधिसम्मत कार्रवाई के लिए प्रस्ताव तैयार किए जाएं।
एसपी ने कहा कि विंग के पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र के आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल दें।

