ओरमांझी (रांची): शाहीन स्कूल में शनिवार को राष्ट्रीय जीत कुने डो चैंपियनशिप के विजेता छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय को चैंपियनशिप में प्रथम स्थान दिलाने पर बच्चों को बधाई देते हुए हर्ष व्यक्त किया गया। समारोह में शाहीन ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन हसीब अंसारी, कांके विधायक सुरेश बैठा के प्रतिनिधि हयात अंसारी और मौलाना अजीज नोमानी अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यालय के सचिव जावेद अख्तर अंसारी और जुनैद अंसारी की मौजूदगी में खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र सौंपे गए।
मौके पर हयात अंसारी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और चुनौती का सामना करने की क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों की उपलब्धि को सराहनीय बताते हुए उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। चेयरमैन हसीब अंसारी और सचिव जावेद अख्तर अंसारी ने विजेताओं को बधाई दी तथा कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ खेल प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत रहेगा।
बताया जाता है कि रांची के खेलगांव स्थित बॉक्सिंग स्टेडियम में 31 अक्टूबर और 1 नवंबर 2026 को आयोजित सातवीं नेशनल जीत कुने डो चैंपियनशिप में विद्यालय के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया था। टीम ने 18 स्वर्ण, 15 रजत और 14 कांस्य पदक सहित कुल 47 पदक हासिल किए।

