रांची: गुरु नानक जयंती से दो दिन पहले राजधानी रांची में आज यानी 22 नवंबर को गुरु नानक सत्संग शोभा यात्रा निकाली जाएगी। इसको लेकर पुलिस अधीक्षक यातायात रांची ने शनिवार को आवश्यक सूचना जारी करते हुए यातायात व्यवस्था में बदलाव की जानकारी दी। यह व्यवस्था आकस्मिक सेवा के वाहनों को छोड़कर सभी वाहनों पर लागू होगी।
जारी सूचना के अनुसार 22 नवंबर को सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इस दौरान भारी मालवाहक वाहन रिंग रोड होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। इसके अतिरिक्त नो-एंट्री का समय पूर्ववत रहेगा। वहीं उसी दिन दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक सभी छोटे मालवाहक वाहनों का प्रवेश एवं परिचालन भी वर्जित रहेगा।
दोपहर 2 बजे से रात 12 बजे तक रेडियम चौक से शहीद चौक, फिरायालाल चौक तक, सर्जना चौक, रतन पीपी होते हुए सुजाता चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन वर्जित रहेगा। आवश्यकतानुसार अन्य मार्गों को अल्प समय के लिए डायवर्ट और स्टॉप किया जा सकता है।
दोपहर 2 बजे शोभा यात्रा की समाप्ति तक पिस्का मोड़ से मेट्रो गली, दुर्गा मंदिर, न्यू मार्केट चौक, किशोरी यादव चौक, महावीर चौक, शहीद चौक तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन वर्जित रहेगा। वहीं पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न 5 बजे तक मेट्रो गली से बिरला मैदान तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन वर्जित रहेगा, केवल गुरु नानक सत्संग शोभा यात्रा में शामिल वाहनों को छोड़कर। अपराह्न 5 बजे तक सुजाता चौक से गुरु नानक पब्लिक स्कूल पीपी कम्पाउण्ड तक गुरु नानक सत्संग शोभा यात्रा की समाप्ति तक सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन वर्जित रहेगा। शोभा यात्रा के मद्देनजर सुजाता चौक से मेन रोड की ओर जाने वाले वाहन चालक रतन पीपी से दाएं मुड़कर कर्बला चौक होते हुए अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
पुलिस ने अपराह्न 2 बजे से शोभा यात्रा की समाप्ति तक रांची वासियों से अपील की है कि शोभा यात्रा रूट बिरला मैदान, मेट्रो गली, दुर्गा मंदिर रोड, न्यू मार्केट चौक, किशोरी यादव चौक, महावीर चौक, शहीद चौक, फिरायालाल चौक, सर्जना चौक, काली मंदिर चौक, उल हाउस कटिंग, उर्दू लाइब्रेरी कटिंग, रतन पीपी चौक एवं सुजाता चौक रूट में आवागमन हेतु कम से कम उपयोग करें।
वहीं गुरु नानक सत्संग शोभा यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से ट्रैफिक पुलिस की ओर से अपील की गई है कि अपने-अपने वाहनों को रामविलास पेट्रोल पंप के बगल सुरजीत मोटर पंजाबी गैरेज और रामविलास पेट्रोल पंप के सामने शारदा नंद बाल मंदिर स्कूल में पार्किंग कर सकते हैं।

