रांची: झारखंड में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदलने वाला है। बादलों और हल्की बारिश का दौर कमजोर पड़ने के बाद 24 नवंबर से आसमान साफ रहने के आसार हैं। इसके साथ ही रात के तापमान में गिरावट शुरू हो सकती है। मौसम के इस बदलाव से सुबह और शाम के समय ठंड का असर पहले से अधिक महसूस होगा।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 22 नवंबर को राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। रांची, हजारीबाग और रामगढ़ सहित आसपास के इलाकों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है। 23 नवंबर को भी कुछ स्थानों पर बादल बने रह सकते हैं, हालांकि बारिश की गतिविधियां कम होने के संकेत हैं।

रांची में 25 नवंबर को 12 डिग्री तक पहुंचेगा पारा

राजधानी रांची में 22 नवंबर को न्यूनतम तापमान 17 और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बदलाव हो सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 24 नवंबर को न्यूनतम तापमान करीब 13 डिग्री और 25 नवंबर को 12 डिग्री तक पहुंच सकता है।

सुबह धुंध के बीच सावधानी जरूरी

24 नवंबर से मौसम साफ होने के साथ रांची, रामगढ़, बोकारो और हजारीबाग में सुबह धुंध रहने की संभावना जताई गई है। पलामू और जमशेदपुर में भी सुबह के समय कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। ऐसे में सुबह यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। खासकर दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को कम दृश्यता की स्थिति में सावधानी बरतनी चाहिए।

मौसम के मौजूदा रुख को देखते हुए नवंबर के अंतिम सप्ताह में ठंड का प्रभाव बढ़ने के आसार हैं। हालांकि, अभी से कड़ाके की ठंड पड़ने की निश्चित घोषणा नहीं की जा सकती। अगले कुछ दिनों के तापमान और मौसम की स्थिति से ठंड की वास्तविक तीव्रता स्पष्ट होगी।