भुरकुंडा (रामगढ़): भुरकुंडा रेलवे साइडिंग के निकट चले आ रहे जमीन विवाद ने आखिरकार शनिवार को खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। रामगढ़-पतरातू फोरलेन सड़क पर विवाद से जुड़े दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। जिसमें कई लोग घायल हो गये। आनन-फानन में घायलों को उपचार के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया। 

मिली जानकारी के अनुसार जमीन विवाद में शनिवार की शाम साइडिंग संचालन से जुड़े धनंजय यादव के कार्यालय में तालाबंदी पर दो पक्ष आमने-सामने हो गए। इस दौरान शुरू हुई नोंक-झोंक बढ़कर मारपीट में बदल गई। बीच सड़क पर लोग एक-दूसरे पर लाठी-डंडे, लात-घूंसे, सरिया, बेसबॉल बैट से वार करने लगे। मारपीट के दौरान भीड़ में धारदार हथियार भी चमकाए गए और एक-दूसरे पर पत्थरबाजी भी की गई। 

मामले की सूचना पर पहुंची भदानीनगर पुलिस ने बीच-बचाव का प्रयास किया। बावजूद इसके मारपीट जारी रही। इस दौरान सड़क पर अफरातफरी का माहौल बना रहा। मामला किसी तरह शांत होने पर गंभीर रूप से चोटिल लोगों को सदर अस्पताल रामगढ़ ले जाया गया। जहां उनका उपचार किया गया। घायलों की संख्या 9 से अधिक बताई जाती है जबकि सभी घायलों की पहचान के संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। 

वहीं घटना के बाद सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू राघवेंद्र शर्मा, सर्किल इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार सहित आसपास के थाना और ओपी की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा ने घटना की पूरी जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। खबर लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराए जाने की सूचना नहीं मिल सकी है। 

इधर, बताया जाता है कि विवाद भुरकुंडा रेलवे साइडिंग के निकट जमीन से जुड़ा हुआ है। जिसपर दोनों पक्ष के लोग अपना-अपना दावा कर रहे हैं। एक पक्ष का दावा है कि उनकी जमीन पर साइडिंग का संचालन कर रहे लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। प्रशासनिक अधिकारियों को आवेदन देकर बार-बार शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है। वहीं, दूसरे पक्ष के लोग भी उक्त जमीन पर अपना दावा कर रहे हैं। चर्चा है कि प्रशासनिक अधिकारी दस्तावेजों की जांच पड़ताल कर संवैधानिक तरीके से निष्कर्ष पर पहुंचने की बजाय अपने मन मुताबिक वैध-अवैध की परिभाषा तलाश रहे हैं। नतीजा खून-खराबे के रूप में सामने है।