रांची: लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और योग्य नागरिकों के नाम मतदाता सूची में बनाए रखने की मांग को लेकर झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस ने संविधान दिवस पर राजधानी में पैदल मार्च किया। डोरंडा के अंबेडकर चौक से शुरू हुआ यह मार्च बिरसा चौक पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ और ‘संविधान बचाओ, देश बचाओ’ जैसे नारे लगाकर लोगों को जागरूक किया।
युवा कांग्रेस नेताओं ने इस मौके पर कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर योग्य नागरिक का मतदान का अधिकार सुरक्षित रहना जरूरी है। उन्होंने मतदाता सूची से किसी पात्र व्यक्ति का नाम गलत तरीके से हटाए जाने पर उसे दोबारा जुड़वाने के लिए बूथ स्तर पर सक्रिय रहने की प्रतिबद्धता जताई। इसके लिए कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर ‘वोट रक्षक’ की भूमिका निभाएंगे।
मार्च में अजय नाथ शाहदेव, झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार रवि और रांची ग्रामीण जिला युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष आरिफ अंसारी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को याद किया गया। कार्यकर्ताओं ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के सिद्धांतों की रक्षा करने की शपथ ली।
नेताओं ने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियाद हैं। किसी भी नागरिक के साथ धर्म, जाति, भाषा, क्षेत्र या लिंग के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए। संवैधानिक संस्थाओं की मजबूती और नागरिक अधिकारों की सुरक्षा के लिए समाज के हर वर्ग को जागरूक रहने की जरूरत है।
उन्होंने युवाओं से संविधान के प्रति जागरूक होने और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। नेताओं के अनुसार, संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, सामाजिक न्याय और नागरिक अधिकारों का आधार है। इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।
मार्च के समापन पर कार्यकर्ताओं ने संविधान के मूल्यों की रक्षा और देश की एकता-अखंडता बनाए रखने का संकल्प दोहराया। इस दौरान ‘जय हिंद’ और ‘जय संविधान’ के नारे भी लगाए गए।

