पतरातू (रामगढ़): पीटीपीएस शेष परिसंपत्ति कार्यालय द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए जारी किए गए नोटिस के विरोध में बुधवार को दुकानदारों ने जनप्रतिनिधियों और विभागों को ज्ञापन दिया। दुकानदारों की ओर से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर नोटिस निरस्त करने और स्थायी समाधान की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि 50-60 वर्षों से दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे सैकड़ों दुकानदारों पर रोजी-रोटी का संकट आ गया है। बिना वैकल्पिक व्यवस्था और पुनर्वास के दुकानें हटाने की कार्रवाई से सैकड़ों परिवारों के सामने आजीविका का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।

दुकानदारों ने चार प्रमुख मांगें रखीं – नोटिस व कार्रवाई पर तत्काल रोक, सभी प्रभावितों के लिए उचित पुनर्वास व वैकल्पिक स्थान की व्यवस्था, पीटीपीएस प्रबंधन, प्रशासन, दुकानदारों व जनप्रतिनिधियों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता कर स्थायी समाधान और मानवीय दृष्टिकोण अपनाना।

बताया जाता है कि ज्ञापन मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक, ऊर्जा विभाग के सीएमडी, रामगढ़ एसपी, एसडीओ रामगढ़, सीडीपीओ पतरातू, अंचलाधिकारी पतरातू, सर्किल इंस्पेक्टर पतरातू, पीटीपीएस शेष परिसंपत्ति के प्रशासक और पतरातू थाना प्रभारी को दिया गया है।

मौके पर मुखिया किशोर कुमार महतो, विधायक कार्यालय प्रभारी चंदन कुमार, मुखिया प्रतिनिधि राहुल रंजन, वीरेंद्र झा, राजू कुमार, सुजीत कुमार पटेल, राहुल कुमार सिंह, गणेश कुमार ठाकुर, निर्मल जैन, बम-बम रजक, पुरू झा, उमाशंकर अग्रवाल, रणजीत तिवारी सहित सैकड़ों दुकानदार मौजूद थे।