महिलाओं को नेतृत्व की कमान सौंपनी होगी : सुदेश महतो
रांची: महिलाओं को सिर्फ वोट बैंक समझने की मानसिकता बदलने की जरूरत है। महिलाओं को नेतृत्व का अवसर भी दिया जाना चाहिए। यह बातें आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने सोमवार को अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित महिला संवाद और सदस्यता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम की शुरुआत में दो मिनट का मौन रख दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार को श्रद्धांजलि दी गई। आगे कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
अवसर पर सुदेश कुमार महतो ने सभी सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए केवल आर्थिक सहायता पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि महिला समूहों का उद्देश्य बचत और ऋण तक सीमित न रखकर उन्हें रोजगार, कारोबार और नेतृत्व से जोड़ना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल सहायता राशि देना उनके सामर्थ्य को सीमित करता है। लक्ष्य यह होना चाहिए कि महिलाएं घर से ही सम्मानजनक तरीके से 10 से 20 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर सकें। स्वरोजगार के लिए पूंजी के साथ प्रशिक्षण और बाजार उपलब्ध कराना जरूरी है। झारखंड के समग्र विकास के लिए आधी आबादी की भागीदारी अनिवार्य है।
मौके पर पार्टी के केंद्रीय महासचिव प्रो. रविशंकर मौर्य, मीडिया संयोजक परवाज खान, रांची जिला अध्यक्ष संजय महतो सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
