रामगढ़/गिद्दी: सीसीएल की अरगड्डा कोलियरी में अवैध कोयला खनन के लिए बनाए गए सुरंग में चार लोगों की मौत से क्षेत्र में हड़कंप सा मचा हुआ है। हादसे की जांच के संबंध में आधिकारिक रूप से कुछ भी साफ नहीं हो सका है। क्षेत्र कामाहौल गमगीन है और कोयले के अवैध कारोबार को लेकर सियासत भी गर्म हो गई है। राज्य के पहले मुख्यमंत्री और भाजपा नेता बाबूलाल मरांडी रविवार को अरगड्डा पहुंचे। जहां उन्होंने अवैध कोयला सुरंग में मारे गए बुधबाजार सिरका निवासी आशीष घटवार, किशोर रवानी और छोटकीटोंगी निवासी  देव बेदिया और डब्लू बेदिया के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मृतकों के परिजनों को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

इससे पूर्व उनके रामगढ़ आगमन पर पटेल चौक स्थित होटल सैनी के निकट भाजपा रामगढ़ जिला कमेटी के पदाधिकारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। यहां से बाबूलाल मरांडी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ अरगड्डा गए। वहीं उन्होंने मीडियाकर्मियों से कहा कि प्रशासन और सीसीएल के अधिकारियों की लापरवाही से यह हादसा हुआ है। राज्य में कोयले का अवैध कारोबार संरक्षण में चलाया जा रहा है। अवैध खदानों को डोजरिंग कर बंद किया जाना चाहिए और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। लोकल प्रशासन को यह सब देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अवैध कोयला खनन बंद कराने के लिए आंदोलन की रूप रेखा तय की जाएगी।

मौके पर भाजपा रामगढ़ जिलाध्यक्ष संजीव कुमार बाबला, वरीय भाजपा नेता योगेंद्र प्रताप सिंह, राजू चतुर्वेदी, रंजन सिंह फौजी, धनंजय कुमार पुटुस, राजीव जायसवाल, विजय जायसवाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद  रहे।

By Admin

error: Content is protected !!