भुरकुंडा: बड़कागांव के पूर्व विधायक योगेंद्र साव द्वारा हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल पर की गई टिप्पणी पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा भुरकुंडा मंडल में सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में योगेंद्र साव के बयानों को अनर्गल और तथ्यहीन बताया गया। कहा गया कि योगेंद्र साव को पहले अतीत में की गई अपनी कारगुजारियों का हिसाब देना चाहिए।
अवसर पर भाजपा नेता सह दूरसंचार सलाहकार समिति के सदस्य योगेश दांगी, सांसद प्रतिनिधि सतीश मोहन मिश्रा और भुरकुंडा मंडल अध्यक्ष अजय पासवान ने संयुक्त रूप से प्रेस बयान देते हुए कहा कि राजनीति में मर्यादा और तथ्यों का ज्ञान भी रखना चाहिए। बिना पुख्ता प्रमाण किसी जनप्रतिनिधि पर अनर्गल आरोप लगाना और किसी की प्रतिष्ठा को धूमिल करना उचित नहीं है।
कहा गया कि योगेंद्र साव ने सांसद मनीष जायसवाल के व्यवसाय और उनके राजनीति में आने पर सवाल उठाया है। जबकि योगेंद्र साव को अपनी कारोबारी गतिविधियों पर उठते सवालों का जवाब देना चाहिए। कहा गया कि वे फायर क्ले, पत्थर, कोयला उत्खनन और हार्ड कोक कारोबार से जुड़े आरोपों पर बात करनी चाहिए। उन्हें पहले अतीत में की गई कारगुजारियों को जनता के सामने स्पष्ट करना चाहिए।
वहीं योगेंद्र साव से जुड़े पुराने आपराधिक मामलों और न्यायिक प्रक्रियाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि दूसरों पर आरोप लगाने से पहले व्यक्ति को अपने अतीत पर भी नजर डालनी चाहिए। उन्होंने गिद्दी थाना कांड संख्या 48/2014 सहित अन्य मामलों और रामगढ़ स्पंज आयरन फैक्ट्री से रंगदारी मांगने से जुड़े मामले का हवाला देते हुए कहा कि संबंधित मामलों के तथ्य सार्वजनिक रिकॉर्ड का हिस्सा हैं।
इस दौरान कहा कि यदि योगेंद्र साव के पास सांसद मनीष जायसवाल के कारोबार, संपत्ति या राजनीतिक जीवन को लेकर कोई ठोस आपत्ति है तो वे दस्तावेज और प्रमाण के साथ सार्वजनिक बहस में आएं। भाजपा तथ्य आधारित जवाब देने के लिए तैयार है। इसके साथ ही आगे कहा गया कि भाजपा व्यक्तिगत विवाद बढ़ाने में विश्वास नहीं करती, लेकिन तथ्यहीन आरोपों का जवाब देने से पीछे भी नहीं हटेगी। आवश्यकता पड़ने पर योगेंद्र साव के राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन से जुड़े सवालों का भी क्रमवार जवाब जनता के सामने रखा जाएगा।
प्रेसवार्ता में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष अशोक कुमार, कोषाध्यक्ष मनोज कुमार, मंत्री बिनोद सिंह, राजन पांडेय, जुगल नायक, मिंटू सोनी, उमेश राम, सुनील बैठा समेत अन्य भाजपा नेता मौजूद रहे।
