डीजीपी ने बैठक में दिए दिशा-निर्देश 

रांची: आगामी दुर्गा पूजा को लेकर सोमवार को पुलिस मुख्यालय झारखंड में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई। महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक तदाशा मिश्रा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में सभी प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, क्षेत्रीय पुलिस उप-महानिरीक्षक, वरीय पुलिस अधीक्षक और पुलिस अधीक्षक शामिल हुए।

बैठक में क्षेत्रीय पुलिस उप-महानिरीक्षक हजारीबाग, दुमका और चाईबासा तथा वरीय पुलिस अधीक्षक रांची, धनबाद और जमशेदपुर समेत सभी जिलों के पुलिस अधीक्षकों ने अपने-अपने क्षेत्रों की तैयारियों की जानकारी दी। पुलिस महानिदेशक ने सभी जिलों में 24 घंटे नियंत्रण कक्ष संचालित करने और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती का निर्देश दिया।

सभी लाइसेंसी और गैर-लाइसेंसी पूजा पंडालों का सत्यापन करने को कहा गया। वरीय अधिकारियों को पंडालों का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था देखने का निर्देश दिया गया। पंडालों में पर्याप्त पुलिस बल, महिला बल और दंडाधिकारी तैनात करने के साथ पुलिस पदाधिकारियों को वायरलेस सेट उपलब्ध कराने को कहा गया।

पूजा स्थलों तक जाने वाले मार्गों और भीड़ वाले स्थानों पर ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने, पार्किंग की व्यवस्था करने तथा महिला और पुरुषों के लिए अलग प्रवेश और निकासी की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। पंडालों में रोशनी, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, सीसीटीवी और जरूरत के अनुसार ड्रोन से निगरानी की व्यवस्था करने को कहा गया।

अग्निशमन, आपातकालीन चिकित्सा और बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ पुलिस और इमरजेंसी नंबर उपलब्ध कराने को कहा गया। भीड़ वाले पंडालों में इमरजेंसी एग्जिट गेट की व्यवस्था करने और क्यूआरटी को तैयार रखने का निर्देश दिया गया।

छेड़खानी, चोरी और छिनतई जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष निगरानी रखने को कहा गया। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट और अफवाह फैलाने वालों पर भी नजर रखने का निर्देश दिया गया। पूजा के नाम पर होने वाली अवैध चंदा उगाही को चिन्हित कर कार्रवाई करने को कहा गया।

विसर्जन को लेकर जुलूस मार्गों और तिथियों का सत्यापन करने का निर्देश दिया गया। धार्मिक स्थलों और विवादित क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने के साथ पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात करने को कहा गया। विसर्जन घाटों और नदियों पर गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जुलूस की वीडियोग्राफी और ड्रोन से निगरानी करने तथा डीजे को लेकर हाईकोर्ट के आदेश का अक्षरश: पालन कराने को कहा गया।

बैठक में सांप्रदायिक दंगों से जुड़े मामलों, लंबित वारंट और कुर्की के निष्पादन, अवैध मादक पदार्थ और शराब के खिलाफ छापेमारी, संवेदनशील हॉट-स्पॉट की पहचान, शांति समिति की बैठक और एंटी क्राइम चेकिंग बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक झारखंड के अतिरिक्त अपर पुलिस महानिदेशक अभियान टी. कंदसामी, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध अनुसंधान विभाग मनोज कौशिक, पुलिस महानिरीक्षक विशेष शाखा प्रभात कुमार, पुलिस महानिरीक्षक मानवाधिकार पंकज कम्बोज, पुलिस महानिरीक्षक प्रोविजन पटेल मयूर कनैयालाल, पुलिस उप-महानिरीक्षक विशेष शाखा चौथे मनोज रतन और पुलिस अधीक्षक अभियान मौजूद रहे।