रामगढ़: केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने सोमवार को सेंट्रल कोलफील्ड लिमिटेड (CCL) बरका-सयाल प्रक्षेत्र के सौंदा रिजनल स्टोर के चीफ स्टोर कीपर अरूण सिन्हा को घूस लेते गिरफ्तार किया है। जिससे प्रक्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार रिजनल स्टोर में कार्यरत अन्य सीसीएल कर्मी तुलेश्वर मांझी ने अरूण सिन्हा द्वारा 10 हजार रुपये घूस मांगे जाने की शिकायत सीबीआई से की थी। मामले का सत्यापन करते हुए सीबीआई की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से रिजनल स्टोर में अरूण सिन्हा को घूस लेते पकड़ लिया। यहां से उन्हें रिवर साइड सीसीएल के रेस्ट हाउस ले जाया गया। जहां उनसे पूछताछ के बाद सीबीआई की टीम उन्हें साथ लेकर नकारी (दत्तो) उनके आवास पर पहुंची और गहन जांच पड़ताल की। देर शाम उन्हें वापस रेस्टहाउस ले जाया गया। जहां देर रात तक सीबीआई की टीम रेस्ट हाउस में जांच पड़ताल करने के बाद अरूण सिन्हा को साथ ले गई।
क्या है मामला
जानकारी के अनुसार रिजनल स्टोर में जनरल मजदूर के रूप में कार्यरत सीसीएल सौंदा क्लब घर निवासी तुलेश्वर मांझी दो वर्ष पूर्व लकवा के शिकार हुए थे। शारीरिक समस्याओं की वजह से सुरक्षा कार्य में सेवा दे रहे थे। इधर, सुरक्षा कार्य में ही आगे सेवा जारी रखने के एवज में चीफ स्टोर कीपर अरूण सिन्हा द्वारा उनसे घूस की मांग की जा रही थी। जिसपर तुलेश्वर मांझी ने सीबीआई में इसकी शिकायत कर दी। सीसीएलकर्मी तिलेश्वर मांझी मांझी मूल रूप से डाड़ी प्रखंड (हजारीबाग) के रहनेवाले हैं।
