आठ पुलिस कर्मी घायल, कई वाहन क्षतिग्रस्त
रिपोर्ट – एसके सिन्हा
बालूमाथ: थाना क्षेत्र के आरा गांव में गड्ढेनुमा तालाब में डूबने से तीन मासूम भाई-बहनों की मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और जेएलकेएम कार्यकर्ताओं ने मगध-संघमित्रा कोल परियोजना परिसर में जमकर हंगामा किया। रविवार को प्रदर्शन के दौरान पथराव में अमरवाडी पुलिस पिकेट प्रभारी अनुभव सिन्हा समेत तीन महिला कांस्टेबल सहित आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस वाहन और सीसीएल के कई वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
घायलों का इलाज, चार भेजे गए जेल
सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र से छुट्टी दे दी गई। तोड़फोड़ और पथराव के मामले में पुलिस ने जेएलकेएम नेता देवेंद्र कुमार महतो, संतोष कुमार पासवान समेत छह लोगों को हिरासत में लिया। हालांकि दबाव में दोनों नेताओं को छोड़ दिया गया, जबकि मुकेश राम, प्रदीप राम, सूरज सिंह और पप्पू यादव को लातेहार जेल भेज दिया गया। वहीं दर्जनों अज्ञात लोगों पर भी मामला दर्ज किया गया है।
तीन बच्चों की मौत से फैला आक्रोश
आरा गांव निवासी द्वारिका गंझू के तीन बच्चे माही कुमारी (9), दीपिका कुमारी (6) और आर्यन कुमार (3) शुक्रवार को गांव के गड्ढेनुमा तालाब में नहाने के दौरान डूब गए। ग्रामीणों का आरोप है कि 30 साल पहले फायरक्ले खनन के दौरान बने गड्ढों को सीसीएल ने अधिग्रहण के 10 साल बाद भी नहीं भरा। इसी लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ।
ग्रामीणों की मांगें
आक्रोशित ग्रामीणों ने सीसीएल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कोलियरी में ट्रांसपोर्टिंग ठप कर दी। उन्होंने मृतक परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा, एक आश्रित को स्थायी नौकरी, सभी खतरनाक गड्ढों को भरने, बेहतर अस्पताल, गुणवत्तापूर्ण विद्यालय और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद एंबुलेंस भी समय पर उपलब्ध नहीं कराई गई।
9 घंटे बंद रही ट्रांसपोर्टिंग
ग्रामीणों के आंदोलन के कारण शनिवार सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक करीब 9 घंटे सीसीएल की ट्रांसपोर्टिंग पूरी तरह बंद रही। इससे कंपनी को लाखों रुपये के राजस्व नुकसान की आशंका है। दूसरे दिन की घटना के बाद वरीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। देर शाम तक ग्रामीणों और सीसीएल प्रबंधन के बीच वार्ता जारी थी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जब तक मृतक परिवार को न्याय और उचित मुआवजा नहीं मिलता, कोलियरी का काम बंद रहेगा। बालूमाथ पुलिस और प्रशासन लगातार स्थिति शांत कराने का प्रयास कर रहा है।
