Consensus reached on a 102 decimal land dispute in Ichapiri Panchayat decision made to divide the land equally

 

कांके (रांची): इचापीरी पंचायत में जमीन विवाद के एक मामले में रविवार को मुखिया लाखो उरांव की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिसमें 102 डिसमिल जमीन को लेकर 2010 से चल रहे विवाद को सुलझाने पर सहमति बनी। विवाद इचापीरी गांव निवासी तीन भाइयों बुद्धदेव उरांव, सुखदेव उरांव और लालसाई उरांव, तीनों पिता खोयना उरांव के बीच है।

बैठक में पंचायत के माध्यम से तीनों भाइयों के बीच जमीन का बराबर-बराबर बंटवारा करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद तीनों पक्षों ने आपसी विवाद और मनमुटाव खत्म करने पर सहमति जताई। जमीन से संबंधित मामला अभी कोर्ट में लंबित है। आपसी सहमति बनने के बाद कोर्ट में चल रहे मामले को भी खत्म कराने की बात कही गई।

पंचायत को संबोधित करते हुए मुखिया लाखो उरांव ने कहा कि आपसी भेदभाव और मनमुटाव से बचते हुए सभी लोगों को मिल-जुलकर भाईचारे के साथ जीवन बिताना चाहिए। उन्होंने कहा कि आपसी बातचीत और समझदारी से विवादों का समाधान किया जा सकता है।

बैठक में पंचायत समिति सदस्य ऐनुल हक, उपमुखिया गुफरान अंसारी, इम्तियाज अहमद, तौफीक अहमद, सुधीर बैठा, मतियस उरांव, दशरथ उरांव और गणेश उरांव समेत अन्य लोग मौजूद थे।