रांची: सहाफी एसोसिएशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट की ओर से 10 नवंबर 2026 को रांची के हज हाउस में राज्य स्तरीय उर्दू कॉन्फ्रेंस आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें झारखंड के विभिन्न जिलों से आए बुद्धिजीवी, उर्दू प्रेमी और पत्रकार शामिल हुए।
बैठक में कॉन्फ्रेंस की रूपरेखा और आयोजन को लेकर चर्चा की गई। साथ ही उर्दू भाषा के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के मुद्दे पर भी विचार-विमर्श हुआ। मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि उर्दू झारखंड की बहुभाषी और बहुसांस्कृतिक पहचान का हिस्सा है। इसके विकास के लिए साहित्यकारों, शिक्षाविदों, पत्रकारों और युवाओं सहित सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है।
मंत्री ने कहा कि उर्दू को किसी एक धर्म या समुदाय तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए। साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में इस भाषा का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कॉन्फ्रेंस के जरिए उर्दू से जुड़े लोगों को एक साझा मंच उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी।
कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों से साहित्यकार, पत्रकार, बुद्धिजीवी, विद्यार्थी और उर्दू प्रेमी शामिल होंगे। डॉ. इरफान अंसारी के अनुसार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, कल्याण मंत्री हफीजुल हसन और वरिष्ठ नेता फुरकान अंसारी समेत कई गणमान्य लोगों की उपस्थिति प्रस्तावित है।
बैठक में मौजूद लोगों ने आयोजन का स्वागत किया। स्वास्थ्य मंत्री ने पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों से कॉन्फ्रेंस को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।
