कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारी को मारी गोली, घायलConstruction company official shot, injured

रेलवे क्वार्टर निर्माण में लगी है केके कंस्ट्रक्शन कंपनी

  • रामागढ़ जिला के बरकाकाना ओपी क्षेत्र का मामला

रामगढ़: बरकाकाना ओपी क्षेत्र के जोड़ा तालाब के निकट बुधवार को अपराधियों ने केके कंस्ट्रक्शन कंपनी की साईट पर गोलीबारी की। जिसमें कंपनी के पर्चेजिंग मैनेजर विजय कुमार धवन घायल हो गये। उन्हें इलाज के लिए रांंची के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वे खतरे से बाहर बताये जा रहे हैं। दिन दहाड़े गोलीबारी की घटना से लोग स्तब्ध हैं। मामले को लेकर रंगदारी मांगे जाने की चर्चा हो रही है।

नकाबपोश अपराधियों ने की फायरिंग, बाइक पर भागे

घटना के संबंध में बताया गया कि केके कंस्ट्रक्शन कंपनी साईट पर रेलवे क्वार्टर का निर्माण चल रहा है। बुधवार की सुबह दो नकाबपोश अपराधी साईट के मेन गेट पर पहुंचे। एक अपराधी ने पर्चेजिंग मैनेजर विजय कुमार धवन पर दो बार फायर किया। जिसमें एक गोली उनके जांघ में लगी। गोलीबारी कर अपराधी बाइक पर सवार होकर भाग निकले। घायल अधिकारी को अस्पताल ले जाया गया।

घटना की जानकारी पर बरकाकाना ओपी प्रभारी विनय कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं मामले की जानकारी पर जीआरपी बरकाकाना भी साईट पर पहुंची। पुलिस और जीआरपी में ज्यूरीडिक्शन को लेकर काफी देर तक मामला फंसा रहा। वहीं मामले की जानकारी पर पतरातू एसडीपीओ विरेंद्र घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने वरीय अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर पुलिस को आगे की कार्रवाई का निर्देश दिया।

रंगदारी को लेकर अपराधियों ने घटना को दिया अंजाम

पुलिस के अनुसार मामला क्षेत्र के आपराधिक संगठनों द्वारा रंगदारी का  है। बताया जाता है कि लेवी को लेकर कंस्ट्रक्शन कंपनी के लोगों को पहले भी धमकी मिल चुकी थी। इधर, घटना के बाद पुलिस छानबीन में जुट गई है। घटना के बाद सड़क पर दुपहिया वाहनों की सघन चेकिंग भी की गई। पुलिस अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की बात कह रही है।

By Admin