रामगढ़: रांची-पटना हाइवे पर चुटूपालू चुटूपालू घाटी में रविवार सुबह सड़क हादसे में कार सवार एक महिला की मौत हो गई। जबकि कार में सवार पांच अन्य लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को इलाज के लिए रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

मृतका की पहचान सारा तबस्सुम (45) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रामगढ़ मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा की मौसी थीं। हादसे में घायल लोगों की पहचान फिरोज राही (48), तरजा सलियां (23), सिफ्ता ताजमीन, अमीरा ताजमीन (10) और अनुजा तबस्सुम के रूप में हुई है। सभी एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।

रामगढ़ आते समय हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, सभी लोग रांची से कार में सवार होकर रामगढ़ की ओर आ रहे थे। इसी दौरान रांची की ओर से रामगढ़ की तरफ आ रहे कंटेनर वाहन संख्या NL 01AB 8418 का चुटूपालू घाटी में प्रवेश करते ही ब्रेक फेल हो गया। जिससे कंटेनर अनियंत्रित हो गया और आगे चल रही कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार छह लोगों में से सारा तबस्सुम की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायलों को कार से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची।

घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारी

सूचना मिलते ही मुख्यालय डीएसपी अकरम रजा, रामगढ़ थाना के सब इंस्पेक्टर दीपक कुमार, मंजेश कुमार, पंकज कुमार और रोशन बाड़ा घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने हादसे की जानकारी ली और मौके की स्थिति का जायजा लिया।

एसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

घटना की जानकारी मिलने के बाद रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुनायत, एसडीपीओ आलोक रंजन, गोपनीय शाखा प्रभारी रविंद्र कुमार गुप्ता समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी भी सदर अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य और इलाज की स्थिति की जानकारी ली।

दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया गया

हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कंटेनर का ब्रेक फेल होना दुर्घटना की मुख्य वजह बताई जा रही है।

चुटूपालू घाटी में अक्सर होते हैं हादसे

चुटूपालू घाटी में भीषण दुर्घटनाएं होती रही हैं। जिसमें अब तक कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। रविवार को हुए हादसे ने एक बार फिर भारी वाहनों की रफ्तार और उनकी तकनीकी स्थिति की जांच के साथ-साथ घाटी में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं।