प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रतिभा को निखारना : उपायुक्त
रामगढ़: खेलो झारखंड 2022-23 के तहत रामगढ़ कॉलेज मैदान में विभिन्न प्रितियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त रामगढ़ माधवी मिश्रा के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य आप सभी के प्रतिभा को निखारना है। वही उन्होंने सभी को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आप प्रतियोगिता में जीते या हारे ये अलग बात है अपितु प्रतियोगिता में भाग लेना ही अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने कहा कि जिस तरह से कोरोना के 2 वर्ष हमारे लिए बहुत कठिनाई से बीते और हम सभी अपने घरों में थे ऐसी स्थिति में बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए भी इस तरह की प्रतियोगिता का होना बहुत ही आवश्यक है। वही उन्होंने सभी से खेल को पढ़ाई की तरह ही हमारे जीवन मे शामिल करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न प्रतियोगिताओं को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता आरम्भ की। साथ ही उन्होने 3000 मीटर बॉयज (कक्षा 9 से 12), 100 मीटर बॉयज (कक्षा 9 से 12), 100 मीटर गर्ल्स (कक्षा 9 से 12) के विजेताओं को पुरस्कृत किया।
मौके पर उपस्थित जिला खेल पदाधिकारी रामगढ़ ने सभी बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल हमारे शारिरिक एवं मानसिक विकास के लिए बहुत ही जरूरी है। वही उन्होंने उदाहरण के तौर पर महेन्द्र सिंह धोनी सहित अन्य महान खिलाड़ियों की मिसाल पेश की जो खेल के जगत में एक अलग पहचान रखते है यहाँ तक कि वे खुद भी खेल के बदौलत ही आज इस मुकाम पर है। अतः आप सब भी खेल के क्षेत्र में आगे आये और अपने राज्य अपने देश को एक बुलन्दी पर पहुचाएं।कार्यक्रम के दौरान स्वागत भाषण जिला शिक्षा पदाधिकारी रामगढ़ के द्वारा दिया गया।
ज्ञात हो कि जिला स्तरीय खेलो झारखंड प्रतियोगिता विद्यालय स्तर, प्रखंड स्तर के पश्चात जिला स्तर पर 29 और 30 नवंबर को आयोजित किया जा रहा है। तत्पश्चात विभिन्न प्रतियोगिता में 9 से 12 कक्षा संवर्ग के विजयी प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर खेलने हेतु भेजा जाएगा। खेलो झारखंड 2022-23 प्रतियोगिता अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताएं जैसे 3000 मीटर दौड़, 800 मीटर दौड़, 100 मीटर दौड़, लांग जंप, शॉट पुट, तीरंदाजी, भला फेक, आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन रामगढ़, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रामगढ़, जिला शिक्षा अधीक्षक रामगढ़, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी सर्व शिक्षा अभियान सहीत अन्य उपस्थित थे।