गिद्दी (हजारीबाग): गिद्दी कोयलांचल सहित आसपास के क्षेत्र में दुर्गा पूजा की तैयारियां जोर-शोर से हो रही हैं। पूजा के सफल आयोजन और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर पूजा समितियां तत्परता से जुटी हुई हैं। क्षेत्र में जगह-जगह कारिडोर भव्य पंडालों का निर्माण कर रहे हैं। वहीं मूर्तिकार मां दुर्गा की प्रतिमा बनाने में दिन-रात जुटे हुए हैं।

गिद्दी ‘ए’ दुर्गा मंडप में इस वर्ष लंदन के लक्ष्मीनारायण मंदिर की तर्ज पर भव्य पूजा पंडाल बनाया जा रहा है। जिसकी ऊंचाई तकरीबन 75 फीट और चौड़ाई 70 फीट के करीब होगी। लगभग 4 लाख रूपये की लागत से पंडाल निर्माण कराया जा रहा है। पीरी, बरकाकाना के कारीगर पंडाल निर्माण में जुटे हुए है। जबकि बंगाल के कारीगरों द्वारा भव्य और आकर्षक प्रतिमा का बनाई जा रही है। इसकी जानकारी देते हुए पूजा समिति के रणधीर सिंह ने बताया कि दुर्गा पूजा पर यहां आकर्षक पूजा पंडाल के साथ ही मेले का भी आयोजन किया जाता है। दूर-दराज से श्रद्धालु यहां पूजा देखने और मेला घूमने आते हैं।

वहीं रेलीगढ़ा में लगभग 2 लाख 20 हजार रुपये की लागत से आकर्षक पूजा पंडाल बनाया जा रहा है। जिसकी ऊंचाई करीब 50 फीट और चौड़ाई तकरीबन 30 फीट होगी। इसके साथ ही दशहरा पर यहां रावण दहन भी किया जाएगा। इसकी जानकारी देते हुए पूजा समिति के सचिव घुरबीन दास ने बताया कि पूरे पंडाल को कृत्रिम फूलों और रंग बिरंगी रौशनी से सजाया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही है। रावण दहन का भी भव्य आयोजन किया जाएगा।