झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा ने की प्रेस कॉफ्रेंस
रामगढ़: झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के तत्वावधान में गुरुवार को भदानीनगर स्थित राजनंदिनी रेस्टोरेंट में प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया गया। जिसमें टाइगर जयराम महतो से जुड़े सरना गमछा प्रकरण पर मोर्चा के पदाधिकारियों ने बात रखी।
केंद्रीय महासचिव राजेंद्र बेदिया ने कहा कि टाइगर जयराम महतो और सरना गमछा के मामले को बेवजह तूल दिया जा रहा है। जयराम महतो हजारों की भीड़ को संबोधित करने में मशगूल थे और अनजाने में उनका पांव सरना गमछे पर पड़ गया। इसपर आदिवासी समाज के कुछ लोग बेवजह विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। यह उचित नहीं है। जयराम महतो की सोच और विचार से राज्य के लोग अच्छी तरह परिचित हैं।
उन्होंने कहा कि टाइगर जयराम महतो और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के लोग सभी समुदाय और वर्ग का सम्मान करते हैं। हमलोग जात-पात की राजनीति नहीं करते सभी के अधिकार और न्याय के लिए आंदोलन करते रहे हैं। टाइगर जयराम महतो ने झारखंड के लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया है। यही वजह है कि सभी समुदाय और वर्ग के लोग जयराम महतो के साथ हैं।
कहा कि रामगढ़ में भी संगठन ने गरीबों और वंचितों के लिए संघर्ष किया है। फैक्ट्रियों में हुई आदिवासी मजदूरों की मौत पर मृतकों के आश्रितों के लिए आंदोलन कर समुचित मुआवजा दिलाया है। गोला में सड़क दुर्घटना में मारे गये आदिवासी समाज के दो लोगों के न्याय के लिए हमलोग संघर्ष कर रहे हैं। आज जो भी आदिवासी संगठन सरना गमछा को लेकर विवाद खड़ा करने की कोशिश कर रहे है, वे गरीब, शोषित और वंचित आदिवासियों के साथ कभी खड़े होते नहीं दिखते हैं।
प्रेस कांफ्रेंस में रामगढ़ एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष दिलीप बेदिया, एसटी मोर्चा संगठन मंत्री आर्यन टोप्पो, जिला महामंत्री अजीत महतो, पतरातू प्रखंड वरीय उपाध्यक्ष संजय बेदिया, प्रखंड कोषाध्यक्ष मुकेश बेदिया, दीपक बेदिया, प्रकाश चंद्रवंशी, प्रखंड सचिव सुनील मुंडा उपस्थित रहे।