
रांची: पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाकर जुमार पुल बस स्टैंड के पास से एक महिला तस्कर को 89.32 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। इसके अलावा महिला के पास से 20 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जाती है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार से एक महिला ब्राउन शुगर लेकर रांची आ रही है। घेराबंदी के दौरान संदिग्ध महिला ऑटो से उतरकर भागने लगी। जिसपर महिला चौकीदार ने पीछा कर उसे पकड़ लिया
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुन्नी देवी (43 वर्ष) पति बाबला राम, निवासी जतराटांड़, कोकर बाजार के रूप में हुई है। तलाशी में उसके पर्स से ब्राउन शुगर बरामद किया गया। पूछताछ में उसने रांची के विभिन्न इलाकों में मादक पदार्थों की बिक्री की बात स्वीकार की है।
मामले को लेकर मेसरा थाना में कांड संख्या 384/26 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 22(बी), 23 और 29 के तहत केस किया गया है। पुलिस के अनुसार मुन्नी देवी के खिलाफ 2024 और 2025 में भी सदर थाना में एनडीपीएस के मामले दर्ज हैं। पुलिस ने महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
