रांची: बहुचर्चित अनिल टाइगर उर्फ अनिल महतो हत्याकांड की गुत्थी रांची पुलिस ने सुलझा ली है। हत्याकांड में शामिल पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जबकि अन्य की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामला जमीन विवाद से जुड़ा बताया जाता है।

पुलिस उप महानिरीक्षक सह एसएसपी रांची ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेंस में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बीते 26 मार्च को कांके थाना क्षेत्र अंतर्गत कांके चौक पर अनिल महतो उर्फ अनिल टाइगर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक की पत्नी के आवेदन के आधार पर कांके थाना में 27 मार्च 2025 को कांड संख्या 90/25 धारा103(1)/3(5) भा0न्या0सं0 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अन्तर्गत काण्ड दर्ज किया गया।

बताया जाता है कि गागी खटंगा गांव में देवब्रत नाथ शाहदेव पिता दामोदर नाथ शाहदेव निवासी बड़ा लाल स्ट्रीट किशोरगंज, रांची द्वारा 10 एकड़ की कथित विवादित भूमि पर कब्जा किया जा रहा था। जिसका विरोध गागी खटंगा निवासी अनिल टाइगर और ग्रामीण करते आ रहे थे। इसे लेकर उनके बीच कई बार बातचीत भी हुई, जो विफल रही और विवाद बढ़ता चला गया।

इस पर देवब्रत नाथ शाहदेव ने जमीन कब्जे में रोड़ा बन रहे अनिल टाइगर की हत्या के लिए अपराधी अभिषेक सिन्हा उर्फ सूरज सिन्हा को सुपारी‌ दी। कोलकाता के होटल में हत्या की प्लानिंग की गई। अभिषेक सिन्हा ने पुंदाग रांची निवासी शूटर अमन सिंह और रोहित वर्मा को हत्याकांड को अंजाम देने के लिए तैयार करते हुए रुपए, हथियार और बाइक उपलब्ध कराया। साथ ही हत्याकांड को अंजाम देने के लिए तीन अन्य अभियुक्तों जिसान अख्तर, मनीष चौरसिया और अजय कुमार रजक को भी शामिल किया‌। 

26 मार्च को कांके चौक पर अपाचे बाइक से पहुंचे अपराधियों ने अनिल टाइगर को गोली मार दी। भागने के क्रम में पुलिस ने पिठौरिया थाना क्षेत्र में रोहित वर्मा को पकड़ लिया। मामले की छानबीन के क्रम में पुलिस को हत्याकांड में देवव्रत नाथ शाहदेव, अभिषेक सिन्हा उर्फ सूरज सिन्हा, रोहित वर्मा, अमन सिंह, जिसान अख्तर, मनीष चौरसिया और अजय कुमार रजक की संलिप्तता का पता चला। पुलिस ने अमन सिंह, रोहित वर्मा, जिसान अख्तर उर्फ जिसू, मनीष चौरसिया और अजय कुमार रजक को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्तों ने पुलिस को दिए  बयान में अपराध स्वीकार कर लिया है। वहीं अन्य की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली गई है।

 

By Admin

error: Content is protected !!