रामगढ़: पतरातू थाना क्षेत्र के वीणा टॉकीज के निकट सोमवार को टेंपो पलटने से चार वर्षीय बच्चे की मौत घटनास्थल पर हो गई। जबकि तीन लोगों भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।घायलों को पतरातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स रेफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार बुढ़मू (रांची) के लोग सिरका (रामगढ़) में शादी समारोह में शामिल होने के बाद टेंपो (ऑटो रिक्शा) JH01T-1568 से वापस अपने घर बुढ़मू लौट रहे थे। वाहन पर पांच पुरूष, तीन महिला और पांच बच्चे समेत कुल 13 लोग सवार थे।
इस क्रम में रांची-पतरातू मुख्य मार्ग पर वीणा टॉकीज के निकट टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। घटना में आयुष कुमार (4 वर्ष) पिता राजू महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि टेंपो पर सवार जगमोहन महतो (55वर्ष) और अर्जुन महतो (30वर्ष) को काफी चोटें आई है। वहीं टेंपो पलटने के क्रम में एक स्थानीय व्यक्ति अशोक कुमार (45वर्ष) भी गंभीर रूप से घायल हो गये।
घटना के बाद सड़क पर चीख-पुकार और अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से शव समेत घायलों को पतरातू स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को रिम्स रेफर कर दिया गया है।