रांची: कांके रोड स्थित गांधी नगर दुर्गा पूजा समिति की ओर से दुर्गा पूजा के अवसर पर श्रीलंका के प्राचीनतम शिव मंदिर की वास्तुकला से प्रेरित भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है. पंडाल में आस्था, इतिहास और सनातन संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी. समिति की ओर से श्रद्धालुओं के मनोरंजन और धार्मिक उत्सव के लिए चार दिनों तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे.

समिति के सचिव मनोज भगत ने बताया कि 17 अक्टूबर को ऑर्केस्ट्रा, 18 अक्टूबर को गरबा नाइट, 19 अक्टूबर को डांडिया नाइट और 20 अक्टूबर को भजन संध्या के साथ धार्मिक झांकी का आयोजन किया जायेगा. समिति का प्रयास है कि पूजा पंडाल में धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक परंपराओं का भी संगम देखने को मिले.

समिति के अध्यक्ष नलिन रंजन मिश्रा, सचिव मनोज भगत और कोषाध्यक्ष रमेश प्रसाद के नेतृत्व में सदस्य तैयारियों में जुटे हैं. विनोद गोप,राकेश बोस,अरुणेश, चंदन भट्टाचार्य, पॉपी, मनीष, डिम्पू, आलोक, सुमंत सेन, आशीष पैरा, रवि प्रधान, शंभू सहाय, सरोज सिंह, गोपाल पाइकैरा, आशीष रॉय, किट्टू पट्टादार और गुड्डू सहित अन्य सदस्य आयोजन को सफल बनाने में लगे हैं.

समिति ने श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों से सपरिवार पूजा पंडाल पहुंचकर मां दुर्गा का आशीर्वाद लेने की अपील की है. साथ ही पर्व को हर्षोल्लास, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाने का आग्रह किया है.

