जय माता दी क्लब ने तैयारी की शुरू
रांची: इस बार दुर्गा पूजा में रांची वासियों को जयपुर का प्रसिद्ध हवा महल प्रारूप देखने को मिलेगा। नामकुम रेलवे स्टेशन दुर्गा पूजा समिति, ‘जय माता दी क्लब’ ने इस वर्ष पंडाल को हवा महल की तर्ज पर बनाने का फैसला किया है। पंडाल नामकुम रेलवे स्टेशन से करीब 500 मीटर की दूरी पर बनाया जा रहा है। आयोजकों के मुताबिक पंडाल में हवा महल के परकोटे, झरोखे और राजस्थानी स्थापत्य शैली को बारीकी से उकेरा जाएगा।
पंडाल की सबसे बड़ी खासियत इसकी लाइटिंग होगी। रात में रोशनी से सजा हवा महल का स्वरूप दूर से ही श्रद्धालुओं को अपनी ओर आकर्षित करेगा। समिति का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ राजस्थान की ऐतिहासिक विरासत का संगम प्रस्तुत करना है।
जय माता दी क्लब के सदस्य ने बताया कि पूजा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है, इसे देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था की तैयारियां भी की जा रही हैं। आयोजकों का कहना है कि इस अनोखे थीम से लोगों को इस बार कुछ अलग और यादगार अनुभव मिलेगा।

