पचंबा थाना क्षेत्र से दो और जमुआ थाना क्षेत्र से दो की हुई गिरफ्तारी 

गिरिडीह: जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गिरिडीह पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने कुल 10.10 किलोग्राम गांजा बरामद करते हुए चार तस्करों को गिरफ्तार किया है।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 23 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग गांजा की खरीद-बिक्री के लिए माथाडीह पहुंचे हैं। सूचना के सत्यापन और अग्रेत्तर कार्रवाई हेतु  पुलिस उपाधीक्षक कौशर अली के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की। इस दौरान सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में खड़े दो व्यक्तियों को रोककर पूछताछ की गई। उनकी पहचान शिव शंकर साव (45) और हरि शंकर राम (39) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर दोनों के पास मौजूद बैग से करीब 5 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने दोनों आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की, जिसमें उनके अन्य साथियों के बारे में जानकारी मिली। जिसके आधार पर पुलिस ने जमुआ थाना क्षेत्र से महेंद्र यादव (48) और कमलेश कुमार सिंह (27) को गिरफ्तार किया। इनके पास से भी लगभग 5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। 

पुलिस ने इस मामले में पचंबा थाना कांड संख्या 38/26 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 20, 22 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जबकि कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

By Admin

error: Content is protected !!