हजारीबाग: सदर प्रखंड के नगवां गांव निवासी संजीत कुमार ने NEET परीक्षा में राज्य में द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले और राज्य का गौरव बढ़ाया है। स्वर्गीय मंटू मेहता के पुत्र संजीत की इस उपलब्धि पर मंगलवार को हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद उनके आवास पहुंचे और उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई दी।
विधायक ने संजीत की माताजी और परिजनों से भेंट कर उनकी सफलता पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने संजीत के संघर्ष और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा, “संजीत की सफलता यह साबित करती है कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती। कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प से सीमित परिस्थितियों में भी बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है।”
प्रदीप प्रसाद ने कहा कि वर्षों पूर्व पिता के निधन के बाद संजीत का पालन-पोषण उनकी माताजी ने त्याग और मेहनत से किया। आज की यह सफलता उनके परिश्रम और संस्कारों का परिणाम है। विधायक के अनुसार, गांव और ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले युवा अपनी मेहनत से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं। संजीत की उपलब्धि क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी। मौके पर स्थानीय गणमान्य और प्रबुद्ध लोग मौजूद रहे।
