
बड़कागांव (हजारीबाग): कर्णपुरा महाविद्यालय, बड़कागांव में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य डॉ. कीर्ति नाथ महतो द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराकर की गई। अवसर पर ओम शांति परिवार के सहयोग से महाविद्यालय परिसर में नशामुक्ति संकल्प कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। समारोह में उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं गणमान्य लोगों ने शपथ ली कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देंगे।

इस दौरान प्राचार्य डॉ. कीर्ति नाथ महतो ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल देश की आजादी का पर्व नहीं है, बल्कि यह समाज को कुरीतियों से मुक्त करने का संकल्प लेने का दिन भी है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के विकास में सबसे बड़ी बाधा है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक लोकनाथ महतो ने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से बचें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम के अंत में सभी ने नशामुक्त, स्वस्थ, शिक्षित एवं जागरूक समाज बनाने का संकल्प लिया। समारोह देशभक्ति और सामाजिक जागरूकता के माहौल में संपन्न हुआ।

मौके पर महाविद्यालय सचिव टुकेश्वर प्रसाद, प्रो. डॉ. निरंजन प्रसाद नीरज, डॉ. सुरेश महतो, डॉ. ललिता कुमारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष शिबू कुमार, शिक्षकगण, शिक्षकेतर कर्मचारी, ओम शांति परिवार के सदस्य और सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

