रांची: झारखंड भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 24 और 25 अक्टूबर को रांची के सुकुरहुटू स्थित एक बैंक्वेट हॉल में होगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन बैठक का उद्घाटन करेंगे। आयोजन की तैयारियों और प्रमुख एजेंडों को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में पार्टी कार्यालय में वरिष्ठ पदाधिकारियों ने करीब ढाई घंटे तक चर्चा की।

बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत, उनके झारखंड प्रवास के कार्यक्रमों और कार्यसमिति की बैठक की रूपरेखा पर विचार किया गया। पार्टी पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। भाजपा के प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा के अनुसार, कार्यसमिति की बैठक कई सत्रों में होगी और उद्घाटन सत्र को नितिन नबीन संबोधित करेंगे।
कार्यसमिति में राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा के साथ राजनीतिक प्रस्ताव भी पारित किए जाएंगे। बैठक में संगठन से जुड़े विषयों और आगामी कार्यक्रमों को लेकर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
शुक्रवार की तैयारी बैठक में झारखंड भाजपा प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, सह प्रभारी निवेदिता सिंह, राष्ट्रीय मंत्री प्रदीप वर्मा, राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) सौदान सिंह और झारखंड के संगठन मंत्री पवन साय मौजूद रहे।
गणेश मिश्रा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उनके स्वागत और प्रदेश कार्यसमिति को सफल बनाने के लिए संगठन के विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं। पदाधिकारियों को कार्यक्रमों के संचालन और व्यवस्थाओं से संबंधित दायित्व सौंपे गए हैं।

