रांची: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के 23 अक्टूबर से शुरू होने वाले दो दिवसीय झारखंड दौरे को लेकर प्रदेश संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उनके प्रवास के दौरान प्रदेश भाजपा की नवगठित कार्यसमिति की बैठक होगी, जिसमें वे पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे। लंबे अंतराल के बाद रांची में होने जा रही इस बैठक को संगठन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन और कार्यसमिति की बैठक की तैयारियों की समीक्षा के लिए प्रदेश भाजपा कार्यालय में पदाधिकारियों की बैठक हुई। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, आयोजन की व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई। साथ ही, कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए पदाधिकारियों को दायित्व सौंपे गए।

बैठक से पहले आदित्य साहू ने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का झारखंड दौरा संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नितिन नबीन प्रदेश की नवगठित कार्यसमिति की बैठक में शामिल होकर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों का मार्गदर्शन करेंगे।

बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय और राकेश प्रसाद, संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्र, अमर कुमार बाउरी और मनोज सिंह उपस्थित थे। प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, अमित सिंह, अमरदीप यादव, मनीर उरांव और शालिनी बैसिखियार के अलावा कार्यालय मंत्री हेमंत दास, कोषाध्यक्ष दीपक बंका और प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी हिस्सा लिया।