उरीमारी के जरजरा स्थित आवास में हुआ हादसा, मची अफरातफरी
| • एके-47 की सफाई के क्रम में हुई फायरिंग |
| • पुलिस और फोरेंसिक टीम ने की छानबीन |
उरीमारी/हजारीबाग: झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिलाध्यक्ष संजीव बेदिया के सरकारी बॉडीगार्ड की मौत गुरुवार को अपनी ही राइफल से चली गोलियों से हो गई। घटना गुरुवार सुबह तकरीबन 10:00 बजे की बताई जाती है। प्रथम दृष्टया मामला हथियार की साफ-सफाई के दौरान हुई एक्सीडेंटल फायरिंग का बताया जाता है।

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को संजीव बेदिया उरीमारी स्थित अपने आवास पर थे। उनका बॉडीगार्ड निरंजन महतो फुरसत मिलने पर आराम करने के लिए अपने कमरे में चला गया। सुबह करीब 10:00 बजे अचानक उनके कमरे से ताबड़तोड़ फायरिंग की आवाज गूंज उठी। गोली की आवाज सुनकर पास के कमरे में मौजूद दूसरे बॉडीगार्ड और आसपास के लोग दौड़कर निरंजन महतो के कमरे के पास पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया गया। काफी देर तक आवाज देने पर भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
घटना की सूचना मिलते ही उरीमारी ओपी प्रभारी रथु उरांव सदलबल मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़ा गया। कमरे के अंदर प्रवेश करने पर सभी सन्न रह गए। कमरे में बॉडीगार्ड का गोलियों से छलनी शव और पास में बॉडीगार्ड का एके-47 राइफल पड़ा हुआ पाया गया।

मामले की जानकारी पर हजारीबाग एसपी अमन कुमार, बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद, बड़कागांव पुलिस इंस्पेक्टर मो. शाहिद रजा और गिद्दी थाना प्रभारी मो. इकबाल हुसैन भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच-पड़ताल शुरू की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग भेज दिया है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

बताया जाता है कि मृतक जवान निरंजन महतो के छाती, ठुड्डी और बायें हाथ में कई गोलियां लगी है। राइफल की मैगजीन में 12 जिंदा गोलियां बरामद की गई हैं। जबकि 18 गोलियां फायर होने का अनुमान लगाया जा रहा है। वही एक गोली कमरे की खिड़की के कांच को भेदते हुए बाहर की ओर निकल गई है। मृतक निरंजन महतो रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र का रहने वाला था और बीते 05 अक्टूबर को ही संजीव बेदिया के सरकारी अंगरक्षक के तौर पर प्रतिनियुक्त हुआ था।
हजारीबाग एसपी ने एक्सीडेंटल डेथ की जताई संभावनाघटना के संबंध में हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने मीडिया कर्मियों को दिए बयान में कहा है कि प्रारंभिक जांच-पड़ताल में मामला साफ-सफाई के दौरान ऑटोमैटिक एके-47 राइफल से एक्सीडेंटल फायरिंग का प्रतीत हो रहा है। उन्होंने कहा कि संभवत: किसी प्रकार से रायफल का ब्रस्ट मोड ऑन हो गया होगा, जिससे एक साथ कई गोलियां फायर हो गई। |
| पुलिस मेंस एसोसिएशन के पदाधिकारी भी पहुंचे घटना की जानकारी पर पुलिस मेंस एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष उपेंद्र नाथ मिश्रा, हजारीबाग जिलाध्यक्ष अनुरोध कुमार और मंत्री राणा प्रताप सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। एसोसिएशन के अध्यक्ष उपेंद्र नाथ मिश्रा ने कहा कि घटनास्थल पर राइफल की साफ-सफाई में उपयोग किए जाने वाले सामान पड़े पाए गए हैं। रांची से फोरेंसिक टीम पहुंची है और जांच-पड़ताल कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला गन की साफ-सफाई के दौरान हुई फायरिंग की प्रतीत हो रही है। असल मामला जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा। |

