रांची: झारखंड में सहायक कारापाल के पदों पर भर्ती प्रक्रिया अगले चरण में पहुंचने जा रही है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, सहायक कारापाल प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के तहत शारीरिक मापदंड एवं योग्यता परीक्षा 28 अक्टूबर 2026 से शुरू होगी। इसके लिए राज्य में तीन चयन पर्षदों के माध्यम से परीक्षा आयोजित की जाएगी।

परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश पत्र में दर्ज जानकारी पहले ही जांच लेने को कहा गया है। इसमें परीक्षा से जुड़ी तारीख, समय, केंद्र और जरूरी निर्देश शामिल हैं। किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए अभ्यर्थियों को निर्धारित नियमों के अनुसार तैयारी करने की सलाह दी गई है।

वेबसाइट से ऐसे प्राप्त करें प्रवेश पत्र

अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://jssc.jharkhand.gov.in पर जाकर सहायक कारापाल भर्ती परीक्षा से संबंधित लिंक खोल सकते हैं। लॉगिन के लिए रजिस्ट्रेशन नंबर और पासवर्ड दर्ज करना होगा। यदि इनमें से कोई जानकारी भूल गए हैं, तो वेबसाइट पर उपलब्ध ‘Forgot Registration No./Password’ विकल्प के जरिए उसे वापस प्राप्त किया जा सकता है।

प्रवेश पत्र डाउनलोड करने के बाद उसका प्रिंट निकाल लें और उस पर दर्ज विवरणों का मिलान कर लें। भर्ती प्रक्रिया से संबंधित किसी नई सूचना या बदलाव के लिए JSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।