हथियार, बाइक और नकदी जब्त, पिकअप बरामद
खूंटी: पुलिस को जरियागढ़ा थाना क्षेत्र के लापा मोड़ के पास बीते 11 अगस्त को बोलेरो पिकअप लूट और फायरिंग की घटना में बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लूटकांड में संलिप्त पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने एक देशी कट्टा, एक देशी पिस्टल, तीन जिंदा गोली, चार मोबाइल, 22000 नकद जब्त किया गया है। वहीं अभियुक्तों की निशादेही पर लूटा गया बोलेरो पिकअप भी बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार बीते 11 अगस्त को लापा मोड़ के पास रात लगभग 10:00 बजे दो मोटरसाइकिल पर सवार पांच अपराधियों ने हथियार के बल पर पीवीसी पाइप और राशन लदा बोलेरो पिकअप लूट लिया था। इस दौरान अभियुक्तों ने दहशत फैलाने की मंशा से हवाई फायरिंग भी की थी। मामले को लेकर जरियागढ़ थाना काण्ड सं0-33/23 दिनांक-12.08.2023 धारा-395 भादवि एवं 27 आर्म्स एक्ट अंकित किया गया था।
काण्ड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक खूँटी के द्वारा अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, तोरपा के नेतृत्व में एक विशेष जाँच दल (SIT) का गठन किया गया। गठित दल के द्वारा तकनिकी एवं गहन अनुसंधान एवं गुप्त सूचना के आधार पर दिनांक 19.08.2023 की रात्रि में बरवादाग जंगल के पास से दो मोटर साईकिल पर सवार इस काण्ड में संलिप्त सभी पाँच अभियुक्तों को हथियार, गोली एवं मोबाईल फोन के साथ गिरफ्तार किया गया। पकड़े गये आरोपियों में शेख रिजवान (24वर्ष), शेख तनवीर (27वर्ष), शेख जावीर (25 वर्ष), मो. हजामीर (24 वर्ष) और शेख सलीम (19 वर्ष) शामिल हैं। सभी चचकोपी, थाना बेड़ो, जिला रांची के निवासी हैं। इनमें से शेख तनमीर पर मांडर थाना में पूर्व में भी मामला दर्ज है।
निशानदेही पर चान्हो थाना क्षेत्र से पिकअप बरामद
गिरफ्तार अपराधकर्मियों के द्वारा पूछताछ के क्रम में बताया गया कि लापा मोड़ के पास से पिकअप गाड़ी को इन्हीं लोगो के द्वारा लूटा गया था। इनकी निशानदेही पर घटना में लूटी गयी पिकअप गाड़ी को चान्हो थाना अन्तर्गत एक गैराज से बरामद किया गया। तलाशी के क्रम में पिकअप गाड़ी के ड्राईविंग सीट के कवर के पीछे पॉकेट से घटना में लूटा गया 22000 रुपये बरामद हुए तथा पीवीसी पाईप बेड़ो थाना अन्तर्गत चचकोपी गाँव से उत्तर रेलवे लाईन के पास झाड़ी से बरामद किया गया।
अन्य अपराधों में भी स्वीकारी संलिप्तता
गिरफ्तार अभियुक्त तनमीर द्वारा पुलिस को बताया गया कि 15 जुलाई को अपने गाँव के आफताब उर्फ कोका के साथ मिलकर मांडर थाना क्षेत्र में एक व्यापारी से दो लाख पैतीस हजार रूपये की लूट को अंजाम दिया था। इसके अलावे गिरफ्तार अभियुक्तों ने अन्य कई लूट एवं चोरी की घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
यह भी पढ़ें- चंद्रमा की सतह से टकराकर क्रैश हुआ रूस का Luna25
अभियान में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
पुलिस एसआईटी दल में ओम प्रकाश तिवारी अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी, तोरपा, पुलिस निरीक्षक दिग्विजय सिंह, तोरपा अंचल, पुअनि पंकज कुमार थाना प्रभारी जरियागढ़, पुअनि सत्यजीत कुमार थाना प्रभारी रनिया, पुअनि मनीष कुमार थाना प्रभारी तोरपा थाना, पुअनि रंजीत किशोरथाना प्रभारी तपकरा थाना, पुअनि रंजीत कुमार यादव कर्रा थाना, पुअनि जयदेव कुमार सराक जरियागढ़ थाना, पुअनि निशांत केरकेट्टा रनिया थाना, पुअनि संदीप कुमार रनिया थाना, पुअनि विश्वजीत ठाकुर तोरपा थाना, पुअनि राकेश कुमार मंडल जरियागढ़ थाना सदलबल शामिल रहे।