चान्हो (रांची): लापुर में 13 से 15 नवंबर तक आयोजित होने वाले इज्तेमा से पहले जायरीनों की सुविधा के लिए दो जर्जर सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। कांग्रेस के रांची जिला ग्रामीण महासचिव हाजी परवेज आलम ने दोनों सड़कों का निर्माण अपने निजी खर्च पर कराने की पहल की है। गुरुवार को उन्होंने सड़क निर्माण विभाग के सेवानिवृत्त कार्यपालक अभियंता इजराइल मंसूरी के साथ दोनों सड़कों का निरीक्षण किया।

पहली सड़क सोन्स मोड़ से इज्तेमा स्थल तक जाती है, जबकि दूसरी सड़क इज्तेमा स्थल से बालसोकरा की ओर निकलती है। दोनों सड़कों की लंबाई करीब एक-एक किलोमीटर है। रास्तों की जर्जर स्थिति को देखते हुए इज्तेमा से पहले निर्माण कार्य पूरा कराने की तैयारी है, ताकि आयोजन में शामिल होने वाले जायरीनों को आवागमन में परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान सड़कों की स्थिति और निर्माण से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की गई। हाजी परवेज आलम ने कहा कि इज्तेमा में आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दोनों सड़कों का निर्माण निजी खर्च पर कराने का निर्णय लिया गया है।

