पतरातू (रामगढ़): पतरातू रेलवे स्टेशन के निकट सोमवार की सुबह मालगाड़ी से कटकर एक स्थानीय युवक ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान रेलवे कॉलोनी निवासी शिवा भुईया (30 वर्ष) पिता स्वर्गीय चरकु भुईया के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार पतरातू स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक के निकट ट्रैक पर युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने पर सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी पर आसपास के लोग जुट गए। मृतक की शिनाख्त होने पर परिजनों को इसकी जानकारी दी गई। वहीं मामले की सूचना मिलते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर अजय कुमार सिंह अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। रेल परिचालन सुचारू रखने हेतु शव को ट्रैक से हटाकर किनारे रख दिया गया और मामले की जानकारी जीआरपी को दे दी गई।

घटना सोमवार की सुबह 06:00 से 06:30 बजे की बताई जाती है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। मृतक के भाई से पूछे जाने पर उसने किसी प्रकार के घरेलू विवाद से इन्कार किया है। उसने बताया कि शिवा सुबह-सुबह बिना बताए घर से निकल गया था। सुबह तकरीबन 08:30बजे फोन पर जानकारी मिली की उसने मालगाड़ी के नीचे आकर आत्महत्या कर ली है। बहराल, खबर लिखे जाने तक शव का उठाव नहीं किया जा सका है। जांच पड़ताल के बाद ही आत्महत्या की वजह स्पष्ट हो सकेगी।

 

By Admin

error: Content is protected !!