रांची: धुर्वा स्थित जेपी मार्केट में रेस्टोरेंट कर्मचारी की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी अमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से खून लगा चाकू, मोबाइल फोन और वारदात के समय पहनी गई खून से सनी हुई शर्ट बरामद की है। शुरुआती जांच में विवाद की वजह खाने के ऑर्डर को लेकर हुई कहासुनी बताई जा रही है।
घटना टेस्टी अंदाज रेस्टोरेंट में मंगलवार की रात की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी वहां खाना खाने पहुंचा था। पसंद का खाना नहीं मिलने पर उसकी रेस्टोरेंट में काम करने वाले अजय कुमार दास से बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने धारदार चाकू से अजय पर हमला कर दिया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मामले की जांच के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की थीं। एक टीम अस्पताल पहुंची, दूसरी ने आरोपी की तलाश में छापेमारी की और तीसरी ने रेस्टोरेंट के सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज में ग्राहक और कर्मचारी के बीच विवाद के बाद चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।
सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना की पीसीआर वैन को मौके पर भेजा गया था। अजय दास की मौत के बाद धुर्वा थाना में कांड संख्या 307/26 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) में हत्या का मामला दर्ज किया गया।

