मांडर/रांची: गोरे गांव मैदान में आयोजित पांच दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का शनिवार को समापन हुआ। फाइनल में हीरा नागपुर संघ नारो ने किंग फाइटर लोयो को 1-0 से हराकर खिताब जीत लिया। टूर्नामेंट का आयोजन खान ब्रदर्स ने किया था।
फाइनल में नारो की टीम ने एक गोल कर बढ़त बनाई। लोयो की टीम ने बराबरी की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 3 लाख रुपये का पुरस्कार पूर्व विधायक बंधु तिर्की ने प्रदान किया। उपविजेता किंग फाइटर लोयो को ट्रॉफी और 2 लाख रुपये का पुरस्कार खलारी डीएसपी राम नारायण चौधरी ने दिया।

टीएनटी एफसी परहेपाट तीसरे और माचो सिटी पूंदाग चौथे स्थान पर रहा। दोनों टीमों को 50-50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मिली। शंकर उरांव को मैन ऑफ द मैच, इस्माइल को बेस्ट स्ट्राइकर, नीतीश कुमार को बेस्ट डिफेंडर, विदेश तिर्की को बेस्ट गोलकीपर और मोहम्मद नूर को मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।
इससे पूर्व फाइनल मैच का उद्घाटन पूर्व विधायक बंधु तिर्की ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किक मारकर किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का मंच देते हैं। इससे युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहन मिलता है और आपसी भाईचारा व सामाजिक सौहार्द मजबूत होता है।
समापन समारोह में खलारी डीएसपी राम नारायण चौधरी, मांडर थाना प्रभारी मनोज करमाली, पूर्व जिला परिषद सदस्य सुनील उरांव, अल्पसंख्यक अध्यक्ष शमीम अख्तर, मुखिया बहादुर उरांव, तुलसी उरांव, मंगरा उरांव, महादेव भगत, हाजी अयूब खान, तबारक खान, समद खान, बुलु खान, मो. खालिद, हासिम अंसारी, रशीद खान, जाहिर खान, वाजिद खान, आबिद अंसारी, गुलजार अंसारी और नेयाजुल खान सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी व ग्रामीण मौजूद रहे।
