रांची: हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने बुधवार को रांची में झारखंड सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर क्षेत्र की लंबित सड़क और पेयजल योजनाओं को गति देने की मांग की। दिल्ली में लोकसभा प्राक्कलन समिति की बैठक से लौटने के बाद सांसद ने पथ निर्माण व पेयजल स्वच्छता विभाग के सचिवों से विस्तृत चर्चा की।

सड़क परियोजनाओं पर दिया जोर

पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार से भेंट में सांसद जायसवाल ने हजारीबाग-बगोदर बाईपास फेज-2 निर्माण प्रस्ताव को शीघ्र स्वीकृति देने की मांग की। उन्होंने रामगढ़ के पटेल चौक से बोंगाबार तक 10 किमी सड़क को सीआरआईएफ योजना के तहत फोरलेन बनाने की अनुशंसा केंद्र को भेजने का आग्रह किया। इसके अलावा नया मोड़ चौक से गिद्दी दामोदर पुल तक हीरक रोड की जर्जर हालत सुधारने और कोठार चौक से गोला तक सड़क को फोरलेन में विकसित करने पर भी चर्चा हुई।

जल जीवन मिशन की धीमी रफ्तार पर जताई चिंता

पेयजल एवं स्वच्छता सचिव अबू इमरान से मुलाकात में सांसद ने बरही-चौपारण जलापूर्ति योजना जल्द शुरू करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि हजारीबाग व रामगढ़ में जल जीवन मिशन की प्रगति धीमी है। कई गांवों में अब तक नल कनेक्शन नहीं पहुंचे हैं और जहां पहुंचे हैं वहां नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही। श्रसांसद ने योजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा कर समयबद्ध कार्य पूर्ण कराने और लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों पर कार्रवाई की मांग की।

वहीं अधिकारियों से मुलाकात के बाद मनीष जायसवाल ने कहा कि हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र में आधारभूत संरचना मजबूत करने, बेहतर सड़क संपर्क देने और हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए प्रयास लगातार जारी रहेगा।”

By Admin

error: Content is protected !!