भाजपाआजसू ने की संयुक्त प्रेसवार्ता

रांची: झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 को लेकर एनडीए गठबंधन ने सीट शेयरिंग की घोषणा कर दी है। चुनाव में एनडीए गठबंधन के आजसू को 10 सीट, जदयू को दो सीट और लोजपा को एक सीट मिली है। इसकी जानकारी शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित भाजपा-आजसू की संयुक्त प्रेस वार्ता में दी गई। प्रेस वार्ता में झारखंड भाजपा चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान, चुनाव सह प्रभारी सह असम के सीएम हिमंत विस्वा सरमा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, आजसू केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो और गिरीडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी मौजूद रहे।
बताया गया कि झारखंड विधानसभा चुनाव में आजसू सिल्ली, रामगढ़, मांडू, ईचागढ़, गोमिया, जुगसलाई, डुमरी, पाकुड़, लोहरदगा और मनोहरपुर सीट पर चुनाव लड़ेंगी। वहीं जदयू जमशेदपुर पश्चिमी और तमाड़ सीट पर प्रत्याशी देगी। वहीं चतरा विधानसभा सीट लोजपा (रामबिलास) को दी गई है। अन्य सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री सह झारखंड चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह चुनाव झारखंड में सरकार बनाने का नहीं, बल्कि झारखंड की अस्मिता बचाने का चुनाव है। माटी, रोटी और बेटी बचे, नौजवानों के रोजगार सुरक्षित हो, महिला सशक्तिकरण हो, गरीबों का कल्याण हो, किसानों का विकास हो। भ्रष्टाचार का हम सफाया कर पाएं, सुशासन और विकास दें पाएं।

वहीं चुनाव सह प्रभारी हिमंत विस्वा सरमा ने एक सवाल के जवाब में कहा कि चुनाव में कौन नेता कहां जा रहे हैं यह हमारे लिए मायने नहीं रखता है। झारखंड का विकास हो यह मायने रखता है। लोग अच्छी और प्रभावी सरकार चुनें, झारखंड का सर्वांगीण विकास और देश के अग्रणी राज्यों में इसका नाम आए, यही हमारा लक्ष्य है।

By Admin

error: Content is protected !!