रांची: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, मेसरा के प्लैटिनम जुबली समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुईं। कार्यक्रम में सूबे के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में राष्ट्रपति का अभिनंदन करते हुए स्वागत किया गया। अवसर पर राष्ट्रपति ने विज्ञान प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। वहीं संस्थान के 70 वर्ष पूरा होने पर राष्ट्रपति और राज्यपाल ने परिसर में पौधरोपण भी किया।

अवसर पर समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि यह युग टेक्नोलॉजी का युग है। सूचना प्रौद्योगिकी ने जीवन जीने के तरीके को बदल दिया है। जो कभी अकल्पनीय था, आज वह वास्तविकता है। आनेवाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग के क्षेत्र में व्यापक प्रगति की उम्मीदें हैं।

राष्ट्रपति ने कहा कि प्लैटिनम जुबली समारोह टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में बीआईटी मेसरा के योगदान का उत्सव मनाने का अवसर है। कहा कि देश में अंतरिक्ष इंजीनियरिंग और रॉकेट्री का पहला विभाग 1964 में यहीं स्थापित किया गया था। इंजीनियरिंग उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए सबसे पहले विज्ञान और प्रौद्योगिकी उद्यमिता पार्क (एसटीईपी) की स्थापना भी 1975 में यहीं की गई थी। यह संस्थान कई क्षेत्रों में अग्रणी रहा है।

By Admin

error: Content is protected !!