रामगढ़: चुट्टूपालू घाटी में शनिवार को तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दंपती को चपेट में ले लिया। जिसके बाद अनियंत्रित ट्रेलर भी पलट गया। हादसे में पति की मौत हो गई। जबकि पत्नी मामूली रूप से चोटिल हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार ओरमांझी के आनंदी बस्ती निवासी शमीम अंसारी (लगभग 50 वर्ष) और उनकी पत्नी सजिबन निशा (लगभग 40 वर्ष) बाइक (JH 01 BV 3280) पर रामगढ़ की तरफ आ रहे थे। इस क्रम में रांची से रामगढ़ की ओर जाता स्टील वायर लदा ट्रेलर (RJ 52 GA 2755) पीछे से बाइक को चपेट में लेते हुए पलट गया। दुर्घटना में बाइक सवार शमीम अंसारी को सिर में गंभीर चोट लगी। वहीं उनकी पत्नी सड़क पर गिरकर आंशिक रूप से चोटिल हो गई। दुर्घटना में ट्रेलर भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रेलर के ड्राइवर और खलासी भी घायल बताए जाते हैं।
वहीं हादसे की सूचना पर पहुंची रामगढ़ पुलिस ने घायलों को सदर अस्पताल रामगढ़ भिजवाया। जहां से शमीम अंसारी को मेदांता, रांची ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उनकी मौत की पुष्टि कर दी। जबकि सजिबन निशा को उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। बताया जाता है कि शमीम अपनी पत्नी के साथ एक रिश्तेदार के मैयत में शामिल होने जरियो गांव जा रहे थे।